
मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मऊ में शिक्षा प्रेरकों के मानदेय भुगतान कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, कहा- शिक्षा प्रेरकों का योगदान समाज के लिए अमूल्य
मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मऊ में शिक्षा प्रेरकों के मानदेय भुगतान कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, कहा- शिक्षा प्रेरकों का योगदान समाज के लिए अमूल्य
HIGHLIGHTS
मऊ के लगभग 900 शिक्षा प्रेरकों के बकाया मानदेय के लिए 5.52 करोड़ रुपये आवंटित
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में शिक्षा प्रेरकों को मिला वर्षों के इंतजार का प्रतिफल, मंत्री श्री ए के शर्मा ने जताया आभार
युवाओं के हाथों में कट्टे नहीं कंप्यूटर और किताबें देना हमारी सरकार का संकल्प: मंत्री श्री ए के शर्मा
लखनऊ,14 नवंबर 2026: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री

श्री ए.के. शर्मा ने आज मऊ स्थित कम्युनिटी हॉल में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षा प्रेरकों के बकाया मानदेय भुगतान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शिक्षा प्रेरकों के वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जनपद मऊ के लगभग 900 शिक्षा प्रेरकों के लिए 5 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक तथा प्रदेशभर के शिक्षा प्रेरकों के लंबित मानदेय भुगतान के लिए कुल 397.18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत एवं आवंटित की गई है।

इस अवसर पर मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि शिक्षा प्रेरकों ने गांव-गांव जाकर निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने और समाज में शिक्षा की अलख जगाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। समाज के प्रति उनका योगदान बहुत बड़ा है। उनकी समस्याओं और उनके पक्ष को मैं शासन तक अवश्य पहुंचाऊंगा।
उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने शिक्षा प्रेरकों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान का निर्णय लिया है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूं। यह सरकार की संवेदनशीलता और समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश के युवाओं के हाथों में कट्टे और कारतूस पकड़ा दिए गए थे, लेकिन आज हमारी सरकार नौजवानों के हाथों में कंप्यूटर और किताबें देकर उन्हें शिक्षित और हुनरमंद बना रही है। प्रदेश में शिक्षा और तकनीकी विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। मिशन कायाकल्प के माध्यम से विद्यालयों का आधारभूत ढांचा मजबूत किया जा रहा है। कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के विकास के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये तथा 100 विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराने की योजना स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने घर-परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को साकार करने के लिए डबल इंजन की सरकार शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।