diwali horizontal

2027 चुनाव से पहले सपा -कांग्रेस की बड़ी तैयारी

0 20

2027 चुनाव से पहले सपा -कांग्रेस की बड़ी तैयारी

UTTAR PRADESH  LIVE: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में लगातार बातचीत चल रही है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा है कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चर्चा होगी और हर सीट पर उम्मीदवार की मजबूती को ध्यान में रखकर फैसला लिया जाएगा।

दरअसल, सोमवार से दिल्ली में सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हुई थी। मंगलवार को दूसरे दौर की बैठक हो रही है। राजीव राय के मुताबिक, दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे को सीटों की शुरुआती सूची दी है और अब एक-एक सीट पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता बीजेपी को हराने के लिए मिलकर चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उनके मुताबिक, आज की बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होनी है और सभी 403 सीटों पर विचार करने में समय लगेगा।

 

राजीव राय ने यह भी साफ किया कि गठबंधन में सीटों का फैसला किसी पुराने फॉर्मूले या मनमानी संख्या के आधार पर नहीं होगा, बल्कि जिस सीट पर जिस पार्टी का उम्मीदवार मजबूत होगा, उसे प्राथमिकता दी जाएगी। यानी सपा और कांग्रेस दोनों यह देखना चाहती हैं कि किस विधानसभा क्षेत्र में किस पार्टी का संगठन मजबूत है और कौन उम्मीदवार चुनाव लड़ने की स्थिति में है।

इस बातचीत में समाजवादी पार्टी की तरफ से राम गोपाल यादव, राजीव राय, इकरा चौधरी और श्याम लाल पाल शामिल हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल बातचीत कर रहे हैं।

हालांकि सीटों की संख्या को लेकर दोनों पार्टियों के बीच कुछ मतभेद भी सामने आए हैं। अखिलेश यादव के बयान के मुताबिक कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग रखी थी। वहीं मीडिया रिपोर्टों में सपा की ओर से कांग्रेस को कम सीटें देने का प्रस्ताव सामने आया है। कांग्रेस भी सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है। ऐसे में दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीटों पर आपसी सहमति बनाना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.