
मैरिको ने लखनऊ में अपनी शिक्षा CSR पहल ‘निहार शांति मज़बूती की पाठशाला’ का किया अनावरण, मैस्कॉट ‘शांति दीदी’ भी पेश
लखनऊ : भारत की अग्रणी FMCG कंपनियों में से एक मैरिको लिमिटेड ने लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान अपनी प्रमुख शिक्षा-केंद्रित CSR पहल के नए स्वरूप ‘निहार शांति मज़बूती की पाठशाला’ का अनावरण किया। पहले यह पहल ‘निहार शांति पाठशाला फनवाला’ के नाम से जानी जाती थी। इसका नया स्वरूप शिक्षा के माध्यम से बेहतर और सशक्त भविष्य के निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नई पहचान के साथ ही मैरिको ने इस पहल के नए मैस्कॉट ‘शांति दीदी’ को भी पेश किया। एक भरोसेमंद मार्गदर्शक और मित्रवत साथी के रूप में परिकल्पित शांति दीदी बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और समुदायों के लिए शैक्षिक संदेशों को अधिक सहज, रोचक और अपना-सा बनाने में मदद करेंगी। शिक्षण सामग्री, कक्षा की गतिविधियों और संवादों के जरिए वह बच्चों को सवाल पूछने, आत्मविश्वास के साथ भाग लेने तथा आंतरिक मज़बूती विकसित करने के लिए प्रेरित करेंगी।

इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास सेवाएँ (आईसीडीएस) की उप निदेशक डॉ. अनुपमा शांडिल्य, उप निदेशक श्री ज़फ़र खान तथा 140 से अधिक लाभार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ करने के प्रयासों को साझा करना और ‘निपुण भारत’ (NIPUN Bharat) के लक्ष्यों के अनुरूप उल्लेखनीय योगदान देने वाले लाभार्थियों व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मैरिको लिमिटेड के चीफ लीगल ऑफिसर, ग्रुप काउंसल एवं CSR कमेटी के सचिव अमित भसीन ने कहा कि सशक्त भविष्य की नींव मज़बूत बुनियाद पर रखी जाती है। उन्होंने बताया कि नया नाम निहार शांति के मूल विश्वास ‘मज़बूती’ से जुड़ा है और इसका उद्देश्य बच्चों में बुनियादी साक्षरता व गणितीय कौशल के साथ आत्मविश्वास, जिज्ञासा और दृढ़ता विकसित करना है। उन्होंने सरकारी साझेदारों, शिक्षकों, समुदायों और कार्यान्वयन भागीदारों के सहयोग के प्रति आभार भी जताया।

यह नया स्वरूप निहार शांति के उस उद्देश्य से मेल खाता है, जो महिलाओं को परिवार और भविष्य के लिए मज़बूत फैसले लेने हेतु सशक्त बनाता है और ‘मज़बूत फैसलों से बनता है मज़बूत भविष्य’ के विचार को आगे बढ़ाता है। वंचित समुदायों में बुनियादी शिक्षा सुधारने की दिशा में काम करते हुए यह पहल अब तक 1.26 लाख से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित कर चुकी है और लगभग 12.69 लाख विद्यार्थियों को लाभान्वित कर चुकी है।