
अमेठी : जिले के कमरौली थाना क्षेत्र के कठौरा स्थित एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक कमरौली थाना क्षेत्र के कठौरा में 65 वर्षीय अब्दुल लतीफ पुत्र जमा, निवासी पूरे कोल्हई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक खेत में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। ग्रामीण जब खेत में गए तो शव को देखकर दंग रह गए और आनन-फानन में उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि मृतक के शव पर चोट के निशान भी हैं। परिजनों को जब इस घटना की सूचना मिली तो उनके होश उड़ गये और परिवार में कोहराम मच गया।वारदात की जगह पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और छानबीन में जुट गई है।
थाना अध्यक्ष कमरौली शिवाकांत पांडेय ने बताया कि एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव खेत में मिला है।परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई थी। उनकी तहरीर पर मुकदमा कर लिया गया है और पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।