diwali horizontal

पाइप पेयजल परियोजना के लिए दूसरी किश्त अवमुक्त

0 168

लखनऊ :  उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा जनपद पीलीभीत के विभिन्न विकास खंडों में स्वीकृत पाइप पेयजल योजना आपूर्ति परियोजना के कार्य को तेजी से पूर्ण किए जाने हेतु दूसरी किस्त के रूप में 210 लाख रुपए की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जनपद पीलीभीत के विकासखंड अमरिया के अंतर्गत माधोपुर और बसखेड़ा में पेयजल आपूर्ति परियोजना का काम चल रहा है।

इसी प्रकार विकासखंड पूरनपुर के अंतर्गत नेहरोसा, टांडा गुलाब सराय और सुखदासपुर नवदिया में पेयजल आपूर्ति परियोजना संचालित की जा रही है। विकासखंड अमरिया के माधोपुर हेतु 50 लाख रुपए तथा बसखेड़ा हेतु 38 लाख रुपए की धनराशि अवमुक्त की गई है। विकासखंड पूरनपुर के तहत नेहरोसा के लिए 40 लाख, टांडा गुलाब सराय के लिए 38 लाख तथा सुखदासपुर नवदिया में पेयजल आपूर्ति परियोजना के निर्माण कार्य हेतु 44 लाख की धनराशि जारी की गई है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम को पेयजल आपूर्ति परियोजना के कार्य को गुणवत्ता और मानक के अनुसार निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

अवमुक्त धनराशि से कराए गए कार्यो की गुणवत्ता की पुष्टि जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी। विभाग द्वारा पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के तहत थर्ड पार्टी से निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाना जिलाधिकारी, कार्यदायी संस्था और संबंधित विभाग का संयुक्त दायित्व निर्धारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि जनपद पीलीभीत के दो विकास खण्डों के 5 ग्रामों में पेयजल आपूर्ति परियोजना का काम किया जा रहा है, जिसपर कुल 1051.58 लाख रुपए की धनराशि व्यय होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.