
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शासनकाल में हुए निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा के शासनकाल में निर्माण कार्य हों या तीनों नए कृषि कानून, सभी जानलेवा हैं। इनसे जान बचाने क लिए जरूरी है कि इनके कार्यकाल में हुए सभी निर्माण कार्यो की उच्च स्तरीय जाॅच हो और तीनों नए कृषि कानून तत्काल वापस हों।
गाजियाबाद में 24 मौतों की जिम्मेदारी लें सीएम योगी
उन्होने कहा कि गाज़ियाबाद में घटिया निर्माण से हुई 24 असामयिक मौतों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री खुद लें। जबकि यूपी के कश्मीरा सिंह समेत 50 किसानों की शहादत की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री और केन्द्रीय कृषि मंत्री को लेनी चाहिये।
सपा नेता ने कहा कि भाजपा के नेता केवल जुमले बाजी और नफरत की आग को हवा देना जानते हैं। सत्ता में आने से पहले इसी के बल पर ये लोग लोगों को भरमाकर धन लेते रहे हैं और मौज करते रहे हैं। इसी के बल पर ये लोग सत्ता में भी आ गए। ये लोग अपनी पुरानी आदत कायम रखे हुए हैं और इसी का परिणाम गाज़ियाबाद की हृदय विदारक घटना है।
निर्माण के नाम पर मौत और अडानी, अंबानी को खेती सौंपने वाले जायेंगे जेल
उन्होने कहा कि देश और प्रदेश के लोगों की जान बचाने के लिए जरूरी है कि इन लोगों के पुराने धंधों की व्यापक जांच हो, खास तौर से भीड़ हत्या और नरसंहार जैसे मामलों की। ये जांच परिणाम आने के साथ ही निर्माण के नाम पर मौत देने वाली इस सरकार के अगुआ और अम्बानी अडानी को खेती बारी और किसानी सौंपने वाले कृषि कानूनों के अगुआ वहां होंगे जहां कानून से खेलने वाले को होना चाहिए।