
गैर भाजपा पार्टियां एकजुट होकर सरकार को उखाड़ फेंके-शिवपाल
प्रतापगढ़ : प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने आज विवेक नगर स्थित विनोद पाण्डेय, एडवोकेट के आवास पर प्रेस वार्ता में कहा कि हमारी पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अब वे गांव गांव जाकर पार्टी की नीतियों को बताकर लोगों को जागरूक करेंगे।उन्होंने लगातार पेट्रोल, डीजल गैस, बिजली और दवा के बढ़ते हुए दामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महंगाई के चलते जनता परेशान हो गई है।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अपराध चरम पर है,आये दिन लूट, हत्या हो रही है।यादव ने बताया कि इस सरकार के पास बजट का रोना बना रहता है जिससे विकास थम गया है।तीन माह से चल रहे किसान आंदोलन पर शिवपाल यादव ने कहा कि किसान बिल में यमयसपी का ज़िक्र तक नहीं है, ऐसे काले कानून को खत्म किया जाय।यह सरकार पूरी तरह से पूंजीपतियों से घिर चुकी है।यही कारण है कि सरकार रेल, बिजली और एलआईसी तक का निजीकरण कर रही है।उन्होंने कहा कि गठबंधन के लिए पहली प्राथमिकता अखिलेश यादव को है।
हम चाहते हैं कि परिवार और पूरा समाजवादी परिवार एक करें।उन्होंने कहा कि हमनें सभी सेकुलर पार्टियों से अपील की है कि राजनीति में संघर्ष और त्याग महत्वपूर्ण हैं और हम दोनों के लिए तैयार हैं।शिवपाल यादव ने आगे कहा कि बीजेपी ने हमेशा वादाखिलाफी काम किया है यहाँ तक कि नवयुवकों को नौकरी तक नहीं मिल पा रही है।उन्होंने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो हमारी प्राथमिकता रहेगी कि प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नौकरी मुहैया करायेगी।