
मसौली बाराबंकी : प्रेरणा ज्ञानोत्सव अभियान के क्रम में सोमवार को शिक्षा क्षेत्र मसौली के एक दर्जन परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा चैपाल का आयोजन किया गया। जिसमें कोरोना महामारी के दौरान बाधित हुई बच्चो की शिक्षा को मुख्य धारा से जोड़ने पर अभिभावकों से संवाद किया गया। प्राथमिक विद्यालय बड़ागाँव द्वितीय में आयोजित शिक्षा चैपाल का उदघाटन खण्ड शिक्षा अधिकारी उदयमणि पटेल ने दीप प्रज्वलित कर किया तथा अभिभावकों से रूबरू होते हुए कहा कि पिछले एक साल से कोरोना संक्रमण के कारण प्राथमिक विद्यालय बंद हैं। बच्चों ने घर पर ही रहते हुए ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण की। अब शासन के निर्देश पर सभी प्राथमिक विद्यालय खुल गये है।
आप सभी लोगो की जिम्मेदारी है कि बच्चों को समय से स्कूल भेजें तथा कम से कम एक घण्टा स्वयं बच्चो की शिक्षा की गतिविधियों के साथ साझा करें जिससे बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा में आ सके। बीईओ ने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चे लगभग एक साल तक स्कूली परिवेश से दूर रहे हैं। ऐसे में शैक्षिक गुणवत्ता को सुधारने के लिए सभी शिक्षकों को काफी मेहनत करनी होगी। शैक्षिक गुणवत्ता के लिए विद्यालय शिक्षकों के साथ-साथ एआरपी, केआरपी, एसआरजी व विद्यालय प्रबंध समिति का सहयोग करेंगे।
संकुल शिक्षिका उषा देवी ने प्रेरणा लक्ष्य , सहज पुस्तिका, संदर्शिका, गणित किट, पाठ योजना, पुस्तकालय, रिपोर्ट कार्ड, बाल संसद, विद्यालय प्रबंध समिति, शैक्षणिक अवधि का पुनर्निधारण, दीक्षा एवं रीड अलॉग एप, वाट्सएप क्लॉसेज, दूरदर्शन एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का प्रसारण, शिक्षक संकुल, शारदा प्रणाली, समावेशी शिक्षा, स्मार्ट क्लास के बारे में जानकारी दी। प्रधानाधियापिका अस्फी किदवाई ने आभार जताते अभिभावकों से बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजने की अपील की। इस मौके पर शिक्षिका सीमा वर्मा, मोहित कुमार, सुनीता वर्मा सहित अभिभावकगण मौजूद थे।