diwali horizontal

 अखिलेश यादव ने कराई जांच, हल्का बुखार महसूस कर रहे थे, योगी पर कसा तंज

0 181

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछले कई दिनों से हल्का बुखार महसूस कर रहे थे। मंगलवार को उन्होंने कोरोना की जांच करवाई। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मी द्वारा सैंपल लेने की तस्वीर ट्विटर पर डाली और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना से जो हाहाकार मचा है उसके लिए भाजपा सरकार को जवाब देना होगा कि उसने कोरोना पर नियंत्रण पाने का झूठा ढिंढोरा क्यों पीटा?

बता दें कि अखिलेश यादव पिछले एक साल से योगी सरकार पर कोविड को लेकर ठीक से प्रबंधन न करने का आरोप लगा रहे हैं। प्रदेश में अब हर रोज 10 हजार से ऊपर कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। इस दौरान लोगों को अस्पतालों में बेड सहित अन्य सभी स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने की खबरें सामने आ रही हैं। टीका, टेस्ट, डॉक्टर, बेड, एंबुलेंस की कमी; टेस्ट रिपोर्ट में देरी व दवाई की कालाबाज़ारी पर भाजपा सरकार चुप क्यों है? उन्होंने पूछा कि स्टार प्रचारक कहां हैं?

यूपी में 72 मौतें, 13,685 नए संक्रमित

उत्तर प्रदेश में सोमवार को नए मरीजों की संख्या में कुछ कमी तो आई, लेकिन संक्रमण से रिकॉर्ड 72 लोगों की मौत हो गई। कोरोना की दूसरी लहर में यह एक दिन में अधिकतम मौत है। इसी के साथ प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या सात लाख के पार हो गई। हालांकि एक्टिव मरीजों की संख्या 81,576 है। अब तक 6,14,819 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 9224 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रदेश में सोमवार को 13,685 संक्रमित मिले। एक दिन पहले रविवार को 15,353 मरीज मिले थे। वहीं, लखनऊ में 3892 संक्रमित मिले। रविवार को 4444 संक्रमित मिले थे। इसके अलावा वाराणसी में 1417, प्रयागराज में 1295, कानपुर नगर में 716, गोरखपुर में 474, मेरठ में 336, झांसी में 267, गौतमबुद्ध नगर में 239, बलिया में 230 मरीज मिले। रविवार को 1.93 लाख नमूनों की जांच की गई, जबकि शनिवार को 2,03,780 नमूनों की जांच हुई थी।

लखनऊ में 21 की मौत

संक्रमण से सोमवार को लखनऊ में 21, प्रयागराज में 15, कानपुर नगर में 5, गोरखपुर में 3, मुजफ्फर नगर, बाराबंकी, अयोध्या, जौनपुर, शाहजहांपुर, रायबरेली, सोनभद्र, जालौन में 2-2, वाराणसी, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, बलिया, गोंडा, फर्रुखाबाद, बांदा, पीलीभीत, अमेठी, एटा में एक-एक मरीज की मौत हो गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.