diwali horizontal

राष्ट्रीय शिक्षक विशंभर सिंह के नाम पर होगा सुक्खुपुरा मार्ग का नाम

0 97

सहारनपुर : बेरीबाग में बीज गोदाम के सामने सुक्खुपुरा रंजीत नगर जाने वाले मार्ग का नाम राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त राष्ट्रीय शिक्षक पं.विशंभर सिंह के नाम पर रखा जायेगा। ब्रहस्पतिवार को यह घोषणा मेयर संजीव वालिया ने की। उन्होंने इस संबंध में बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराने के निर्देश दिए।वार्ड 29 के पार्षद अशोक राजपूत ने मेयर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को एक प्रस्ताव पत्र देकर बीज गोदाम के सामने बेसिक शिक्षा कार्यालय और सुक्खुपुरा रंजीत नगर को जाने वाले मार्ग का नाम सहारनपुर नगर से राष्ट्रीय शिक्षक के रुप में पहला राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक व महान समाज सुधारक स्व.पंडित विशंभर सिंह के नाम पर रखने की मांग की थी। पंडित विशंभर सिंह को राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ0 राधाकृष्णन ने सन 1966 में राष्ट्रीय शिक्षक के रूप में सम्मानित किया था। पण्डित विशंभर सिंह नगर पालिका द्वारा संचालित जूनियर हाई स्कूल के ही प्रधानाध्यापक रहे और उनकी सेवाओं का लाभ लेने के लिए दो बार उनका सेवाकाल भी बढ़ाया गया था। पण्डित विशंभर सिंह अन्तर्राष्ट्रीय योग गुरू पद्मश्री भारत भूषण के पिता थे।

पार्षद अशोक राजपूत ने प्रस्ताव पत्र में कहा है, कि नगर निगम को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले सहारनपुर के प्रथम शिक्षक के सम्मान में मार्ग का नामकरण किये जाने से जिले भर के शिक्षकों का भी मान बढ़ेगा और अन्य शिक्षकों को भी उनके जीवन से प्रेरणा मिलेगी। मेयर संजीव वालिया ने पार्षद अशोक राजपूत के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए बीजगोदाम के सामने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय व सुक्खुपुरा रणजीत नगर को जाने वाले मार्ग का नाम स्व. पण्डित विशंभर सिंह के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में निगम बोर्ड में प्रस्ताव रखने के निर्देष सम्बद्ध अधिकारियों को दे दिये गये हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.