
उन्नाव : पुरवा उपखण्ड क्षेत्र के गांव मुरैता प्राचीन में तीन दिन से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से धड़ाम है। संबंधित लाइनमैन की खाऊ-कमाऊ नीति व विभागीय अधिकारियों की साठ गांठ एवं लापरवाही के चलते 25 केबीए के दो ट्रांसफार्मर फुंक गए जिसमें एक ट्रांसफार्मर पांच दिन पूर्व ही फुंक गया था।उसके बाद लाइनमैन ने पूरे गांव के कनेक्शनों का लोड एक ही ट्रांसफार्मर पर रख दिया था। जिसके चलते दोनों ट्रांसफार्मर मंगलवार को फुंक गए तब से पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। सनद रहे कि मुरैता प्राचीन गांव का 2018 में विद्युतीकरण हुआ था, तब दो 25 केबीए और दो 16 केबीए के ट्रांसफार्मर पूरे गांव में आपूर्ति हेतु लगाए गए थे, जिसमे एक 16 केबीए का ट्रांसफार्मर महज डेढ़ साल में ही फुंक गया था। कई बार शिकायतों के बावजूद भी आज तक नहीं बदला गया। सिर्फ एक सुचारू रूप से चल रहा है जिससे करीब 10-12 घरों में सप्लाई दी जा रही है।बाकी पूरा गांव अंधेरे में है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिनेश साहू ने पुरवा उपखण्ड अधिकारी आर.के. मिश्रा से फोन पर समस्या को अवगत कराते हुए शिकायत किया था, जिस पर आश्वासन दिया गया था कि बुधवार को आपूर्ति चालू करा दी जाएगी किन्तु सब हवा हवाई हो गया।मंगलवार से लगातार जेई पुरवा को भी फोन लगाया जा रहा है किन्तु स्विच ऑफ बता रहा है। बीडीसी प्रतिनिधि द्वारा बिजली विभाग के आलाधिकारियों सहित हेल्पलाइन 1912 व ट्विटर हैंडल के माध्यम से कई बार शिकायते की जा चुकी हैं किन्तु परिणाम शून्य प्राप्त हुआ। यहीं नहीं विभाग द्वारा फर्जी मैसेज किया गया कि आपकी समस्या का समाधान कर दिया गया है। सबसे बड़ी बात तो यह कि तमाम ग्रामीणों की माने तो उनका कहना है कि अगर हम लोग प्राइवेट कर्मचारियों को पैसे दे दें तो अविलंब ट्रांसफार्मर लग जाएगा। पैसे न देने की वजह से ही आज पूरा गांव अंधेरे में है। वहीं बीडीसी प्रतिनिधि का कहना है कि अगर गुरुवार तक ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाए गए तो हम लोग पुरवा बिजली विभाग का घेराव करने पर मजबूर होंगे।