
मायावती ने सरकार से दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की कहा पीड़ित परिवार को मिले न्याय
लखनऊ : यूपी के उन्नाव में दो महीने से लापता दलित युवती की हत्या का आरोप पूर्व राज्यमंत्री के बेटे पर लगा है। आरोप है कि पूर्व राज्यमंत्री स्व. फतेहबहादुर सिंह के बेटे रजोल सिंह ने युवती की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को सेप्टिक टैंक में दफना दिया। मामले के तूल पकड़ने के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्नाव जिले में सपा नेता के खेत में दलित युवती का दफनाया हुआ शव बरामद होना अति-दुःखद व गंभीर मामला। परिवार वाले पहले से ही उसके अपहरण व हत्या को लेकर सपा नेता पर शक कर रहे थे। राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ तुरन्त सख्त कानूनी कार्रवाई करे।
— Mayawati (@Mayawati) February 11, 2022
मायावती ने ट्वीट कर कहा, ‘उन्नाव जिले में सपा नेता के खेत में दलित युवती का दफनाया हुआ शव बरामद होना अति-दुःखद व गंभीर मामला। परिवार वाले पहले से ही उसके अपहरण व हत्या को लेकर सपा नेता पर शक कर रहे थे। राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करे।
क्या है पूरा मामला
दो महीना पहले कांशीराम कॉलोनी की महिला रीता ने पूर्व मंत्री के बेटे पर बेटी पूजा को गायब करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर रीता ने 24 जनवरी को लखनऊ में अखिलेश यादव के काफिले के आगे कूदकर जान देने की कोशशि की। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने आनन-फानन रजोल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
4 फरवरी को पुलिस ने रजोल को पीसीआर रिमांड पर लेकर आठ घंटे पूछताछ की तो उसके साथी हरदोई थाना मुबारकपुर के नवा गांव निवासी साथी सूरज के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के आश्रम के पीछे प्लॉट स्थित सेप्टिक टैंक के गड्ढे की खुदाई कराई तो होश उड़ गए। गड्ढे से युवती का शव बरामद हुआ।
एसपी दिनेश त्रिवेदी ने बताया कि घटना वाले दिन रजोल ने युवती को झांसा देकर आश्रम के पास बुलाया था। वहां साथियों के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और कंबल में लपेटकर शव टैंक में औंधे मुंह डालकर दफना दिया। एसपी ने बताया कि मामले में हत्या समेत कई धाराएं बढ़ाई जाएंगी।