
लखनऊ में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन का सदस्य सम्मेलन संपन्न, पुरानी पेंशन बहाली को लेकर हुआ मंथन
लखनऊ: बलरामपुर चिकित्सालय परिसर में शनिवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा लखनऊ का “जनपदीय सदस्य सम्मेलन” संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण अवस्थी ने की। सम्मेलन में चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उत्तर प्रदेश सहित कई संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया और कर्मचारी हितों को लेकर प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की।सम्मेलन में चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रधान महासचिव अशोक कुमार, MNOPS के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बंधु, राजकीय ऑटोमेटिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश पाटिल, लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री कमल श्रीवास्तव, पीएमएस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह और यूपी फार्मेसी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव विशेष रूप से मौजूद रहे। सम्मेलन में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सामूहिक लड़ाई की प्रतिबद्धता दोहराई गई और इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई।इस अवसर पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की लखनऊ शाखा में हुए चुनावों के बाद कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। सम्मेलन में जिले के नियमित सदस्यों के लिए एक्सीडेंटल बीमा योजना की शुरुआत की गई। जिला मंत्री कपिल वर्मा ने जानकारी दी कि यह योजना 5 लाख रुपये की सामूहिक बीमा सुरक्षा प्रदान करेगी, जिसे पहली बार प्रदेश में किसी कर्मचारी संगठन द्वारा लागू किया गया है। इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी की पहली बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया था।जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकारिणी जिले और प्रदेश के सभी फार्मासिस्ट सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने प्रदेश सरकार की स्थानांतरण नीति का स्वागत किया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि स्थानांतरण के नाम पर किसी कर्मचारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उसका विरोध करेगा।प्रधान महासचिव अशोक कुमार ने बताया कि पैरामेडिकल कर्मचारियों की समयबद्ध पदोन्नति को लेकर महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य से वार्ता हो चुकी है और जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी। विजय बंधु ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया और कहा कि कर्मचारी इस लक्ष्य के बेहद करीब हैं।सम्मेलन में चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रवण सचान, उपाध्यक्ष रजत यादव, प्रदेश प्रवक्ता और कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संरक्षक आर.टी. मिश्र, एच.पी. वर्मा, एक्स-रे संघ के अध्यक्ष आर.एम. कुशवाहा, वेटनरी फार्मेसी संघ के महामंत्री अशोक कुमार, और डीपीए लखनऊ से अविनाश सिंह, राजेश वरुण, अरविंद सिंह, चंद्रशेखर वर्मा, रंजीत सिंह, आर.बी. मौर्या सहित बड़ी संख्या में जिले और प्रदेश भर के फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
