
प्रमोद तिवारी ने कहा—आतंकियों को पनाह देने वालों को मिले कड़ा सबक, मुंबई हमले के दोषी हाफिज सईद पर उठाए सवाल
प्रमोद तिवारी ने कहा—आतंकियों को पनाह देने वालों को मिले कड़ा सबक, मुंबई हमले के दोषी हाफिज सईद पर उठाए सवाल
लखनऊ: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आतंकियों द्वारा छब्बीस निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या को एक महीना बीत जाने के बाद भी देश का आक्रोश कम नहीं हुआ है और जनता इस मांग पर अडिग है कि आतंकियों को चुन-चुनकर जहन्नुम पहुंचाया जाए।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि देश के जांबाज जवानों ने जिस पराक्रम और साहस के साथ आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया है, उससे पाकिस्तान के कई आतंकवादी मारे गए और उनके अड्डे ध्वस्त हो चुके हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि मुम्बई हमले का दोषी और कुख्यात आतंकी हाफिज सईद अब तक कहां है और उस पर क्या कार्रवाई की गई है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने इस हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में खुफिया एजेंसियों की विफलता को स्वीकार किया था, ऐसे में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे सैन्य अभियानों के जरिए आतंकवाद को जड़ से मिटाने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए।
तिवारी ने विशेष रूप से विदेश मंत्री की भूमिका पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि पाकिस्तान को सैन्य कार्रवाई की पूर्व सूचना दे दी गई, जिससे कई खूंखार आतंकी समय रहते भागने में सफल हो गए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की चूकें देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं।राज्यसभा सदस्य ने दो टूक कहा कि भारत को अब ऐसी कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे दुबारा कोई भी आतंकी भारत की धरती पर इस तरह के कायराना हमले की हिम्मत न कर सके।
