
हाथरस डीएम के ड्राइवर राकेश शर्मा की बेटी कल्पिता शर्मा को सरेआम गोलियों से भून दिया।
Hathras DM’s Driver’s daughter Shot dead: डीएम के ड्राइवर राकेश शर्मा की बेटी कल्पिता शर्मा और पत्नी स्कूटी से जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। गोली लगने से ड्राइवर की बेटी की मौत हो गई।

हाथरस में 14 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे मां के साथ बाजार जा रही स्कूटी सवार डीएम के चालक की बेटी कल्पिता शर्मा उर्फ टिंकल (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली बाजू को चीरते हुए फेफड़ों में जा घुसी। बुलेट सवार युवकों ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। कल्पिता मथुरा के सरकारी अस्पताल में नर्स थी। मृतका के पिता का आरोप है कि उनके बेटे विशाल की पत्नी ज्योति ने अपने दोस्त से यह हत्या कराई है। इस वारदात में उनके घर से चोरी हुए रिवाल्वर का इस्तेमाल किया गया है।
डीएम के चालक राकेश शर्मा का परिवार तहसील परिसर में ही रहता है। 14 जून शाम करीब साढ़े सात बजे कल्पिता अपनी मां उर्मिला के साथ स्कूटी से बाजार खरीदारी करने जा रही थी। एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि अभी तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक कल्पिता स्कूटी चला रही थी और मां पीछे बैठी थी। जब यह दोनों सदर तहसील के गेट पर पहुंचे, तभी पीछे से आई बुलेट ने इन्हें ओवरटेक किया और पीछे बैठे युवक ने कल्पिता पर गोली चला दी।