diwali horizontal

लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर तालाब में जहर!

0 130

लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर तालाब में जहर!

Lucknow Crime News:लखनऊ में पारा थाना क्षेत्र स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के तालाब में अज्ञात लोगों ने जहर डाल दिया। इससे तालाब की मछलियां मर गईं। कई क्विंटल मरी मछलियां तलाब से बाहर निकाली गईं। मरी हुईं मछलियों को खाने से एक कुत्ता भी मर गया। तालाब के पास से जहर की तीन शीशियां मिलीं। मंदिर के तालाब में जहर डाले जाने से लोग आक्रोशित हो गए।

उन्होंने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। जहर की शीशियों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा। लोगों ने कहा कि मंगलवार रात में तालाब में अचानक मछलियां उतराने लगीं। इसकी सूचना क्षेत्र में फैल गई। लोग मौके पर जुट गए। कुछ युवकों ने तालाब में उतरकर देखा, तो मछलियां मर गई थीं।

इसकी पुलिस और नगर निगम की टीम को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन नगर निगम की टीम नहीं आई। रात में लोगों ने तालाब से मरी हुईं मछलियों को बाहर निकालकर किनारे रख दिया। बुधवार सुबह मरी हुईं मछलियों को खाने से एक कुत्ता मर गया। इस पर मरी हुईं मछलियों को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया गया।

मौके पर मौजूद फेयरी टेल्स फाउंडेशन की अध्यक्ष नेहा ने बताया कि रात में करीब 8 बजे किसी ने तालाब में जहर डाल दिया। रातभर में तड़प-तड़पकर मछलियां मर गईं। सुबह इसकी जानकारी हुई तो मछलियों को बाहर निकाला गया। मछलियों को जहर देकर मारा जाना बेहद शर्मनाक घटना है। साथ ही लापरवाही भी उजागर हुई है।

तालाब में कोई व्यक्ति जहर डालकर चला गया और किसी ने देखा तक नहीं। इससे सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नेहा ने कहा कि इस मंदिर में लोगों की बहुत आस्था है। बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.