diwali horizontal

महिला शक्ति को संगठित कर कांग्रेस को सशक्त बनाने का संकल्प, अजय राय बोले- बदलाव की उम्मीद अब कांग्रेस से

0 78

महिला शक्ति को संगठित कर कांग्रेस को सशक्त बनाने का संकल्प, अजय राय बोले- बदलाव की उम्मीद अब कांग्रेस से

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को नई गति देने और प्रदेश की आधी आबादी यानी महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्वी जोन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्वी जोन महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शहला अहारारी ने की, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और पूर्व विधायक मीता गौतम भी उपस्थित रहीं।बैठक में महिला संगठन के जिला, ब्लॉक, बूथ और वार्ड स्तर की इकाइयों के गठन पर चर्चा हुई। इसमें दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग की महिलाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि कमेटियों में 15 प्रतिशत अनुसूचित जाति, 15 प्रतिशत अल्पसंख्यक और 25 प्रतिशत ओबीसी वर्ग की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज देश की आधी आबादी महिलाओं की है और भारतीय जनता पार्टी सत्ता में इसलिए है क्योंकि इनका वोट उसे मिला, लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने मातृ शक्ति की लगातार उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं, थानों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती। महंगाई ने घरों के बजट को तोड़ दिया है, मगर सरकार केवल धर्म के नाम पर अपनी नाकामियों को छुपा रही है।अजय राय ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी महिला कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं, पीड़ित महिलाओं के साथ खड़ी हों और कांग्रेस को फिर से एक जनआंदोलन के रूप में खड़ा करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि महिलाएं एकजुट होकर मेहनत करें तो 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करना संभव होगा।अपने अध्यक्षीय संबोधन में महिला कांग्रेस की पूर्वी जोन अध्यक्ष शहला अहारारी ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने ही महिलाओं को वोट का अधिकार दिया, उन्हें बड़े पदों पर पहुंचाया और हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया। आज जरूरत है कि उसी परंपरा को फिर से मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी महिला कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता और निष्ठा के अनुसार आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों में उन्हें भागीदारी दी जाएगी।बैठक में महिला जिलाध्यक्ष संगीता सिंह, महबूब निशा, अनुपमा सिंह, ऊषा चौबे, अनुराधा यादव, किरन शुक्ला, रजिया बेगम, वृंदा, कात्यायनी मिश्रा सहित शहर अध्यक्ष अल्पना मिश्रा, ज्योतिमा पाण्डेय, सीता, शांति, आशा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

   

Leave A Reply

Your email address will not be published.