
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दो दिवसीय दौरा कर राहत एवं प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दो दिवसीय दौरा कर राहत एवं प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की
लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बाढ़ प्रबंधन और राहत कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए भदोही, वाराणसी, मऊ एवं जौनपुर जनपदों में दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित बस्तियों और मोहल्लों का दौरा कर आम जनता से सीधे संवाद स्थापित किया तथा उनके समस्याओं को सुना और मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए।मंत्री ने अपने भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित कीं, जिसमें उन्होंने उनसे क्षेत्र की स्थिति का फीडबैक प्राप्त किया। जौनपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि विद्युत आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक है, लेकिन निचले स्तर के कुछ कर्मचारी लापरवाही कर रहे हैं। इस पर ऊर्जा मंत्री ने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि वे लापरवाह कर्मचारियों की पहचान कर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।लखनऊ में संबंधित विभागीय अधिकारियों को मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर घटने के बाद युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाने और विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी राहत एवं पुनर्वास कार्यों की दैनिक प्रगति की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाए। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर, तार और पोल की मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर कराए जाने के साथ-साथ बिजली से जुड़े सभी खतरों से बचाव हेतु सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकार हर हाल में जनता के साथ खड़ी है और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत एवं मदद पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से अमल में लाने के निर्देश भी दिए।
