
नगर निगम लखनऊ में पूर्व सैनिकों को मिला नियुक्ति पत्र, प्रवर्तन दल को मिली मजबूती
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ में सोमवार 8 सितंबर 2025 को विशेष नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महापौर सुषमा खर्कवाल उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रवर्तन अधिकारी कर्नल सुधांशु कुमार ने नियुक्तियों से संबंधित संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्थानीय निकायों को सौंपे गए कर्तव्यों एवं दायित्वों के सफल निर्वहन हेतु नगर निगम में प्रवर्तन विभाग की स्थापना का निर्णय लिया गया था। इसी के अंतर्गत प्रवर्तन दल का गठन किया गया और इसमें भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई।नगर निगम ने संविदा पर भर्ती के लिए भूतपूर्व सैनिकों से आवेदन आमंत्रित किए थे। निर्धारित नियम और शर्तों के अनुसार साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसके बाद चयन समिति ने योग्य उम्मीदवारों का चयन किया। इसमें जेसीओ, एनसीओ और ओआर स्तर के सैनिक शामिल किए गए।कार्यक्रम के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने कर कमलों से चयनित सैनिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर 04 जेसीओ और 07 एनसीओ/ओआर को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नगर निगम के प्रवर्तन दल (ईटीएफ–Encroachment Task Force) में इन सैनिकों की नियुक्ति से शहर में अतिक्रमण नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा।महापौर ने चयनित भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अब तक देश की सेवा की है और अब शहर की सेवा करने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि अपने अनुशासन, परिश्रम और अनुभव से ये सैनिक शहर की व्यवस्था सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। महापौर ने यह भी कहा कि भविष्य में और भी सेवानिवृत्त सैनिकों की नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे प्रवर्तन दल को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रवर्तन दल के रूप में नगर निगम को एक अनुशासित और अनुभवी बल प्राप्त हो रहा है। भूतपूर्व सैनिकों के जुड़ने से अतिक्रमण नियंत्रण के साथ ही शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि नगर निगम उनके अनुभव और सेवा भावना का पूरा लाभ उठाएगा।अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने इस नियुक्ति प्रक्रिया को नगर निगम की पारदर्शिता और दक्षता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि चयनित पूर्व सैनिक निश्चित रूप से निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।कार्यक्रम के अंत में प्रवर्तन अधिकारी कर्नल सुधांशु कुमार ने सभी अतिथियों और उपस्थित सैनिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और चयनित पूर्व सैनिकों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं ईटीएफ के जवान भी मौजूद रहे।