diwali horizontal

नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ में की जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा

0 109

नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ में की जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा

लखनऊ: प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर जनसुनवाई का आयोजन किया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों ने भाग लिया और नगर निकाय से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।
जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें सीवर लाइन बिछाने, बिजली बिल सुधार, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट की स्थापना तथा अतिक्रमण हटाने से संबंधित प्राप्त हुईं। मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात को गंभीरता से सुना और नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान हमारी शीर्ष प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”मंत्री ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान केवल फाइलों में दर्ज करने से नहीं होगा, बल्कि धरातल पर परिणाम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में कर जनता को उसकी जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि सीवर, पेयजल, सड़क, बिजली और नगर निकाय से जुड़ी सुविधाएं सीधे आम नागरिक के जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘जनता ही जनार्दन है’ की भावना से प्रेरित होकर कार्य कर रही है। इसी भावना के तहत जनसुनवाई और समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर निरीक्षण करें और समाधान की प्रक्रिया को जनता के समक्ष पारदर्शी बनाएं।कार्यक्रम में नगर विकास विभाग और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्री ने सभी अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनें तथा समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। जनसुनवाई में शामिल नागरिकों ने मंत्री की इस पहल की सराहना की और कहा कि समस्याओं को सुनने तथा समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित करने से विश्वास बढ़ा है।इस जनसुनवाई ने यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार लोगों की समस्याओं के प्रति सजग है और उनका समाधान सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही, प्रशासन को जनता के साथ सीधे संवाद कर सेवा भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.