diwali horizontal

निगोहां में हत्या का पर्दाफाश, दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता

0 72

निगोहां में हत्या का पर्दाफाश, दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता

लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन में थाना निगोहां पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के एक जघन्य मामले का सफल अनावरण कर दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में जयसिंह उर्फ कल्लू पुत्र स्व. जयपाल निवासी ग्राम कीर्तिखेड़ा थाना मोहनलालगंज और राजकपूर उर्फ कपूरे चौरसिया पुत्र स्व. मैकूलाल निवासी ग्राम भद्दीखेड़ा सिर्स थाना निगोहां शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को लखनऊ–रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग से जबरौली की तरफ जाने वाले लिंक रोड पर जंगल के पास से पकड़ लिया।यह घटना ग्राम शंकर बक्स खेडा निवासी शनि रावत की योजनाबद्ध हत्या से जुड़ी थी। शनि रावत की 8 सितंबर 2025 को निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। इसके संबंध में थाना निगोहां में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि हत्या को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था और शव को छिपाने का प्रयास भी किया गया। पहले चरण में पुलिस ने संतोष यादव और देवेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था।जांच में सामने आए दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना निगोहां पुलिस ने सर्विलांस टीम के साथ मिलकर दो टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने लगातार तलाश कर 13 सितंबर 2025 को अभियुक्त जयसिंह और राजकपूर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जीतू यादव उर्फ विदेश सिंह, देवेश यादव उर्फ बोग्गा और संतोष यादव के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया और शव छिपाने का प्रयास किया।पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 3(5), 238, 190, 191(2), 191(3), 103(1), 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।इस कार्रवाई में थाना निगोहां और सर्विलांस सेल दक्षिणी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संयुक्त प्रयास से दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर हत्या जैसे गंभीर अपराध का पर्दाफाश किया गया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का स्पष्ट संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए निगरानी और कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.