
लखनऊ में फॉर्म 16 न मिलने पर शिक्षकों का कार्य बहिष्कार, आम आदमी पार्टी ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
लखनऊ में फॉर्म 16 न मिलने पर शिक्षकों का कार्य बहिष्कार, आम आदमी पार्टी ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
लखनऊ: प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आईटी चौराहे पर स्थित रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने शनिवार को फॉर्म 16 न मिलने के कारण शिक्षण कार्य का बहिष्कार कर दिया। शिक्षकों ने आम आदमी पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने इस मौके पर कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा 13 सितंबर तक शिक्षकों को फॉर्म 16 उपलब्ध नहीं कराया गया, जबकि इनकम टैक्स रिटर्न भरने की अंतिम तारीख 15 सितंबर है। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग का लिखित आदेश है कि पूरे प्रदेश में जिला विद्यालय निरीक्षक शिक्षकों को फॉर्म 16 निशुल्क उपलब्ध कराएंगे, लेकिन लखनऊ में इस आदेश की खुली अवहेलना की जा रही है।फॉर्म 16 न मिलने के कारण शिक्षक समय पर आईटीआर दाखिल नहीं कर पा रहे हैं। महेंद्र सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय पर आईटीआर दाखिल नहीं हुआ तो आयकर विभाग प्रत्येक शिक्षक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगा सकता है। उन्होंने बताया कि फॉर्म 16 न मिलने से शिक्षकों में भारी रोष है।महेंद्र सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि फॉर्म 16 के लिए शिक्षकों से धन उगाही की जा रही है और जिन शिक्षकों ने पैसे नहीं दिए उन्हें फॉर्म 16 उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के कई विद्यालयों में शिक्षकों को अभी तक फॉर्म 16 नहीं मिला है, जिससे शिक्षकों में व्यापक नाराजगी फैल गई है।महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक का कार्यालय लूट का अड्डा बन चुका है और उनकी मनमानी व तानाशाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षकों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को तत्काल फॉर्म 16 उपलब्ध कराया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।शिक्षण कार्य के बहिष्कार में राजीव गुप्ता, रामशंकर, संध्या शर्मा, मनोज कुमार, राजीव तिवारी, राजेश वर्मा, ज्ञानोदय कुमार, रचना, अनुपमा सोनकर, माया टुन्नु, धीरेंद्र कुमार, रामलाल, इंकलेश यादव, विकास सिंह, पूनम गुप्ता, किरण लता, राघवेंद्र सिंह, विप्लव चौधरी, भगवती सागर सहित कई शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए।इस घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षकों का कहना है कि समय पर फॉर्म 16 न मिलना उनके अधिकारों का हनन है और इस मुद्दे को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी ने इसे शिक्षक वर्ग के साथ अन्याय बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
