diwali horizontal

नोएडा अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2025 में यूपीनेडा और अमृत 2.0 स्टॉल को सर्वश्रेष्ठ का सम्मान

0 78

नोएडा अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2025 में यूपीनेडा और अमृत 2.0 स्टॉल को सर्वश्रेष्ठ का सम्मान

नोएडा,लखनऊ: नोएडा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2025 में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूपीनेडा के स्टॉल और नगर विकास विभाग के अमृत 2.0 स्टॉल को सर्वश्रेष्ठ स्टॉल का खिताब प्राप्त किया। यह उपलब्धि प्रदेश की विकासशील नीतियों, नवाचारों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन से प्रदेश को नई दिशा देने वाले प्रयासों का परिणाम है।ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के विजन में उत्तर प्रदेश ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रदेश देश में सौर ऊर्जा इंस्टॉलेशन के क्षेत्र में शीर्ष स्थान पर है और अयोध्या को देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित किया गया है। किसानों के बिजली चालित नलकूपों को सोलर नलकूपों में बदलने के प्रयास में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर इंस्टॉलेशन में भी प्रदेश ने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रदर्शनी में विभागीय उपलब्धियों और योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को हरित प्रदेश बनाने के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। मंत्री शर्मा ने कहा कि यूपीनेडा की यह सफलता प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष परिणाम है।नगर विकास विभाग के अमृत 2.0 स्टॉल को भी मेले में सर्वश्रेष्ठ स्टॉल घोषित किया गया। मंत्री शर्मा ने बताया कि उद्घाटन के दिन प्रधानमंत्री द्वारा इस स्टॉल का निरीक्षण किया गया और इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। अमृत 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में पाइप से पेयजल और सीवरेज कवरेज सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही जल संरक्षण, उपचारित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग और जल निकायों के पुनर्जीवन पर विशेष बल दिया जा रहा है। जल की चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देकर सतत शहरी विकास के मार्ग को भी प्रशस्त किया जा रहा है।प्रदर्शनी में अमृत दो मिशन के प्रमुख कार्यों में जलाशयों का पुनरुद्धार और अपशिष्ट जल शोधन को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, जिन्हें अमृत मित्र कहा जाता है, ने जल गुणवत्ता परीक्षण और सामुदायिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंत्री शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के शहरी विकास के प्रति समर्पण और नवाचार की स्पष्ट झलक प्रस्तुत करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.