diwali horizontal

आईफा 2027: अबू धाबी में फिर जमेगा बॉलीवुड सितारों का जलवा

0 30

22-23 जनवरी को यास द्वीप के एतिहाद एरिना में सजेगा 27वां आईफा सप्ताहांत एवं पुरस्कार समारोह

एजेंसी यूपी/भारतीय सिनेमा की चमक एक बार फिर अबू धाबी के यास द्वीप पर बिखरने वाली है। दुनिया भर में भारतीय फिल्मों और कलाकारों को वैश्विक मंच देने वाला अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) सप्ताहांत एवं पुरस्कार समारोह अपने 27वें संस्करण के साथ जनवरी 2027 में लौट रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस भव्य समारोह में फिल्मी सितारों की मौजूदगी के साथ संगीत, नृत्य और शानदार प्रस्तुतियों का रंग देखने को मिलेगा।

आईफा 2027 का आयोजन 22 और 23 जनवरी 2027 को यास द्वीप स्थित प्रतिष्ठित एतिहाद एरिना में किया जाएगा। अबू धाबी में यह आईफा का चौथा आयोजन होगा। आईफा की वापसी की आधिकारिक घोषणा अरबियन ट्रैवल मार्केट 2026 के दौरान की गई। समारोह का आयोजन अबू धाबी संस्कृति एवं पर्यटन विभाग और मिराल के सहयोग से किया जा रहा है।

इस बार समारोह में सितारों की लंबी फेहरिस्त दर्शकों का उत्साह बढ़ाएगी। सलमान खान, करण जौहर, शाहिद कपूर, वरुण धवन, करीना कपूर खान, जाह्नवी कपूर, पंकज त्रिपाठी और अली फजल समेत कई प्रमुख कलाकार समारोह का हिस्सा होंगे। ऐसे में एतिहाद एरिना में दो दिनों तक भारतीय सिनेमा, मनोरंजन और फिल्मी चमक का शानदार संगम देखने को मिलेगा।

अबू धाबी संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के पर्यटन महानिदेशक सालेह मोहम्मद अल गेजिरी ने आईफा की वापसी को भारत और अबू धाबी के मजबूत होते संबंधों का प्रतीक बताया। वहीं मिराल की कार्यकारी निदेशक तागरीद अलसीद ने यास द्वीप और आईफा की साझेदारी को खास बताया।

आईफा के संस्थापक एवं निदेशक आंद्रे टिमिन्स के अनुसार, 2027 का आयोजन पहले से बड़ा होगा। इसमें बड़े सितारों के साथ दर्शकों के लिए नए अनुभव और प्रशंसकों की अधिक भागीदारी देखने को मिलेगी। आईफा 2027 के टिकट 18 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे संयुक्त अरब अमीरात के समयानुसार बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.