diwali horizontal

विकास दुबे की तलाश में लखनऊ में छापेमारी, मां व भाई को साथ ले गई पुलिस

0 341

लखनऊ: कानपुर में बदमाशों के हमले में अपने 8 जवानों की शहादत से यूपी पुलिस में काफी रोष और शोक है। इस पुलिस नरसंहार को अंजाम देने वाले अपराधी विकास दुबे की तलाश के लिए यूपी पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। एसटीएफ और पुलिस की कई टीमों के साथ करीब 8 हजार जवानों को विकास दुबे की खोज में लगाया है। प्रदेश भर में विकास दुबे के सभी संभावित ठिकानों व परिचितों के यहां पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। शुक्रवार शाम लखनऊ के कृष्णानगर स्थित विकास दुबे के घर पर एसीपी दीपक कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गयी।

हालांकि विकास दुबे का यहां भी कोई सुराग नहीं मिला। कुछ दिन पहले लखनऊ एसटीएफ ने विकास दुबे को इसी घर से दबोचा था। पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान कई थानों की फोर्स मौके पर मौजूद रही। लखनऊ पुलिस विकास दुबे के अवैध हथियारों की तलाश में थी। काफी सर्च के बाद भी पुलिस को यहां से कुछ खास हासिल नहीं हुआ।

मां ने कहा, मैं उसका मुंह कभी नहीं देखूंगी…उसे मार दो…

पुलिस ने विकास की मां, भाई, भाई की पत्नी, बेटी को हिरासत में ले लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। विकास दुबे की मां ने कहा कि उसने बहुत गलत काम किया है। मैं उसका चेहरा कभी नहीं देखूंगी। पुलिस उसे कड़ी से कड़ी सजा दे। उसे पुलिस जवानों की हत्या नहीं करनी चाहिए थी। एसीपी दीपक कुमार ने बताया कि विकास दुबे की तलाश में ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.