diwali horizontal

प्रथम स्थान प्राप्त करना गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी: श्री ए.के. शर्मा

0 47

प्रथम स्थान प्राप्त करना गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी: श्री ए.के. शर्मा

  • HIGHLIGHTS 
  • स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ की ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षमता संवर्धन एवं जागरूकता कार्यशाला
  • लखनऊ को प्रथम स्थान दिलाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
  • स्वच्छ वायु के लिए सभी विभागों का सामूहिक प्रयास जरूरी: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री

9 सितंबर 2026। लखनऊ:राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ नगर निगम द्वारा देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने की गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में न्यू ताज होटल, लखनऊ में “क्षमता संवर्धन एवं जागरूकता कार्यशाला” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना तथा विशिष्ट अतिथि माननीय नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा रहे। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में माननीय मंत्री श्री ए.के. शर्मा द्वारा स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ को देश में प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सामूहिक प्रयासों की सराहना की। मंत्री जी के संबोधन से कार्यक्रम में उत्साह एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ।

लेकिन इस स्थान को बनाए रखना उससे भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि जिस तरह सभी ने मिलकर यह उपलब्धि हासिल की है, उसी प्रकार आगे भी निरंतर प्रयास करते हुए लखनऊ को स्वच्छ वायु के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 16 शहरों को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में सम्मान प्राप्त हुआ है, जो उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। वहीं, लखनऊ के वार्ड संख्या 70 को भी देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जमीनी स्तर पर किए गए प्रभावी कार्यों और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

मंत्री ने कहा कि स्वच्छ वायु केवल नगर निगम या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें वन विभाग, यातायात विभाग, जिला प्रशासन, पेट्रोलियम विभाग, गैस पाइपलाइन से जुड़े विभाग, उज्ज्वला योजना तथा अन्य संबंधित विभागों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। सभी विभागों के समन्वित एवं सामूहिक प्रयासों से ही वायु गुणवत्ता में सुधार संभव है।

उन्होंने अधिकारियों को पुनः चुनौती देते हुए कहा कि “लखनऊ को प्रथम स्थान दिलाना उपलब्धि है, लेकिन इसे बनाए रखना अब आप सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ निरंतर कार्य करने तथा स्वच्छ वायु के लिए जन-जागरूकता को और व्यापक बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ वायु, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के लिए निरंतर एवं सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.