
मिशन शक्ति 5.0: लखनऊ में पिंक बूथ ने महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दिशा-निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से शुक्रवार, 03 अक्टूबर 2025 को थाना नाका क्षेत्र में पिंक बूथ 91 ने महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को जागरूक किया। डीएवी कालेज के सामने, राजेन्द्र नगर चौराहा एवं नाका चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में करीब 20-25 महिलाएं उपस्थित रहीं।इस अभियान में महिलाओं और बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे 1090 (महिला पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवाएं), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्डलाइन) और 1076 (टोल-फ्री हेल्पलाइन) जैसे नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और उत्पीड़न की रिपोर्टिंग के लिए साइबर पोर्टल और यूपी कॉप मोबाइल ऐप का उपयोग करने की सलाह दी गई।कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना, साइबर और घरेलू अपराधों से सुरक्षित रहना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के महत्व को समझाना तथा डिजिटल सुरक्षा की जानकारी प्रदान करना था।पिंक बूथ टीम ने इस मौके पर आमजन से सीधे संवाद कर उन्हें मिशन शक्ति के महत्व और पुलिस सहायता उपलब्धता के बारे में अवगत कराया। लखनऊ पुलिस आयुक्त श्री अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत 54 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिला अधिकारी, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक तैनात हैं ताकि थाने आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।मिशन शक्ति अभियान महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण, सुरक्षा जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता फैलाने में प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस ने इस पहल को आगे और अधिक विस्तार देने की योजना बनाई है ताकि प्रत्येक महिला और बच्चा अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों से पूरी तरह अवगत हो सके।
