
लखनऊ पुलिस की सराहनीय पहल: सर्विलांस सेल ने बरामद किए 111 मोबाइल, लगभग 22 लाख रुपये के फोन लौटे असली मालिकों को
लखनऊ पुलिस की सराहनीय पहल: सर्विलांस सेल ने बरामद किए 111 मोबाइल, लगभग 22 लाख रुपये के फोन लौटे असली मालिकों को
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन की सर्विलांस सेल ने एक बार फिर तकनीकी दक्षता और सतर्कता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन शशांक सिंह के कुशल निर्देशन में टीम ने 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई गई है। यह सफलता न केवल लखनऊ में बल्कि अन्य राज्यों से भी समन्वय स्थापित कर हासिल की गई।यह अभियान पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिंह सेंगर, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अमित वर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन में सर्विलांस टीम ने सभी थाना क्षेत्रों से प्राप्त मोबाइल गुमशुदगी के प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। इसके तहत टीम ने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से देश के अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया और गैर-प्रांतीय क्षेत्रों से भी मोबाइल बरामद किए।लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के परिणामस्वरूप सर्विलांस सेल पूर्वी जोन ने विभिन्न मोबाइल कंपनियों के कुल 111 फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन आज पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन शशांक सिंह द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए। फोन प्राप्त करने के बाद नागरिकों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और लखनऊ पुलिस के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने जनता का विश्वास और मजबूत किया है।इस सफल अभियान में सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक अमरनाथ चौरसिया, मुंशी आशीष पाण्डेय, मुंशी अमित कुमार सिंह, आरक्षी तरनजीत सिंह, विमलचन्द्र पाल, शिवानन्द खरवार, अजय यादव और प्रदीप कुमार का विशेष योगदान रहा।लखनऊ पुलिस ने एक बार फिर यह साबित किया है कि आधुनिक तकनीक और जनसहयोग के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान त्वरित और प्रभावी रूप से किया जा सकता है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियानों को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि आम जनता को न्याय और सुरक्षा का भरोसा और भी मजबूत हो सके।
