
लखनऊ: शिव मंदिर से चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, कीमती मूर्तियां और पूजा का सामान बरामद
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन, थाना पीजीआई की टीम ने शिव मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां और पूजा के पात्र चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई मूर्तियां, पूजा का सामान, घंटी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2025 को बरौली स्थित ज्योतिर्लिंग शिवमठ के वादी राजेश कुमार तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात चोर दिन में मंदिर का ताला तोड़कर अष्टधातु की शिव प्रतिमा, ध्यान मुद्रा में शिव प्रतिमा, तांबे का नाग, तांबे का लोटा, पीली धातु का राम दरबार, पंचमुखी हनुमान, तीन आसन, घंटा और आरती दानी चोरी कर ले गए हैं। इस पर थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 523/2025 धारा 305/331(3) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया।सफल अनावरण के क्रम में पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और मैनुअल व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बरौली फ्लाईओवर के पास संदिग्ध व्यक्ति को चैकिंग के दौरान रोक लिया। आरोपी ने खुद को सौरभ मिश्र उर्फ ननकू पंडित निवासी बरौली, थाना पीजीआई, उम्र करीब 30 वर्ष बताया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मटमैला पीले रंग की शिव प्रतिमा (लगभग 1.321 किग्रा), ध्यान मुद्रा में शिव प्रतिमा (927 ग्राम), तांबे का नाग, तांबे का लोटा, पीली धातु का राम दरबार, पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा, तीन पीली धातु के आसन, पीली धातु की घंटी, पीली धातु आरती दानी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेण्डर प्लस (संख्या UP32ER8135) बरामद की।पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदि है और नशा पूरा करने के लिए मंदिर से मूर्तियां और पूजा का सामान चोरी कर उन्हें बेचने के इरादे से बाहर निकला था।अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। थाना पीजीआई की पुलिस टीम ने इस सफलता पर गौर किया और आम नागरिकों से अपील की कि मंदिरों और पूजा स्थलों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
