
दीपावली पर महापौर ने वृद्धजनों संग मनाई खुशियाँ, दी शुभकामनाएँ
लखनऊ: दीपावली के पावन अवसर पर जब पूरा शहर रोशनी और उल्लास से जगमगा रहा था, तब माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने आदिल नगर स्थित वृद्ध आश्रम में पहुँचकर समाज के वरिष्ठ सदस्यों के साथ त्यौहार की खुशियाँ साझा कीं। उन्होंने वृद्धजनों से मिलकर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि व दीर्घायु की कामना की। महापौर ने कहा, “वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका आशीर्वाद ही हमारे जीवन का सबसे बड़ा दीप है, जो सदैव हमें सही मार्ग दिखाता है।”इस अवसर पर वृद्धजनों ने भी महापौर के प्रति अपना आशीर्वाद और स्नेह व्यक्त किया। आश्रम परिसर में दीप प्रज्वलन कर सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अध्यक्ष जितेन्द्र प्रताप सिंह, पार्षद शिवम उपाध्याय, पार्षद प्रतिनिधि दीपक तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह, जोनल अधिकारी आकाश कुमार, अधिशासी अभियंता एवं नगर निगम की टीम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।महापौर ने वृद्ध आश्रम के प्रबंधन और नगर निगम टीम की सराहना करते हुए कहा, “दीपावली का असली संदेश केवल अपने घर को रोशन करने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी उजाला फैलाने का है।” कार्यक्रम के अंत में वृद्धजनों को मिठाइयाँ और उपहार वितरित किए गए। महापौर ने आश्रम के सभी सदस्यों से पुनः मिलने का वादा किया और कहा कि लखनऊ नगर निगम वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और सम्मान के लिए सदैव समर्पित है।
