
लखनऊ पुलिस की बड़ी कामयाबी, पॉक्सो एक्ट में फरार अजय कुमार को महानगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के थाना महानगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को तकनीकी सर्विलांस की मदद से ट्रैक कर तेलीबाग स्थित गोमती बिहार कॉलोनी से दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ थाना महानगर में दर्ज मुकदमे की विवेचना पहले से चल रही थी।मामला दिनांक 22 जुलाई 2025 का है, जब थाना महानगर में मु0अ0सं0 182/2025 धारा 137 बीएनएस व पॉक्सो एक्ट के तहत अजय कुमार पुत्र स्व. द्वारिका प्रसाद निवासी ग्राम व पोस्ट बसौठ, थाना खरेला, जिला महोबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लखनऊ में लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसे कई दिनों से ट्रेस करने की कोशिश कर रही थी।आखिरकार 24 अक्टूबर 2025 को थाना महानगर पुलिस टीम को आरोपी की लोकेशन गोमती बिहार कॉलोनी, तेलीबाग, थाना पीजीआई क्षेत्र में मिली। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी करते हुए उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अजय कुमार (उम्र करीब 55 वर्ष) वर्तमान में एलडीए कॉलोनी, सेक्टर एम, कानपुर रोड, लखनऊ में रह रहा था।गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अरुण प्रताप सिंह और उपनिरीक्षक विशाल पांडेय की टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
