diwali horizontal

भाजपा राजनीतिक गैंग, भूमाफिया पार्टी बन चुकी है: अखिलेश यादव

0 36

भाजपा राजनीतिक गैंग, भूमाफिया पार्टी बन चुकी है: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा अब एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक राजनीतिक गैंग बन चुकी है, जिसका एजेण्डा समाज में नफरत फैलाना और सामाजिक सद्भाव को नष्ट करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लूट, भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों का बोलबाला है। सरकारी जमीनों और तालाबों पर कब्जे हो रहे हैं और यह सरकार भूमाफिया पार्टी बन चुकी है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर स्तर पर भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने कहा कि सरकारी बजट से लेकर छोटे-बड़े सभी कार्यों में लूट मची हुई है, जबकि जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और समर्पण ही आने वाले समय में बदलाव की राह तय करेगा। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार है, क्योंकि सपा ने अपने शासनकाल में जनता से किए सभी वादे पूरे किए थे। किसानों को सिंचाई और दवाई मुफ्त दी गई थी, छात्रों को लैपटॉप मिले थे और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए थे।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें। भाषा, व्यवहार और अनुशासन का पालन करते हुए संगठन में एकजुटता बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगाने से बचना चाहिए और अनुशासित आचरण का परिचय देना चाहिए।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार की जनविरोधी नीतियों से किसान, व्यापारी, नौजवान और गरीब सभी वर्ग परेशान हैं। भाजपा ने पिछले नौ वर्षों में समाज में सिर्फ विभाजन और दूरी पैदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों (पीडीए) के साथ हर स्तर पर भेदभाव किया है और उन्हें योजनाओं से वंचित रखा है।पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी, जिसमें हर वर्ग को न्याय और सम्मान मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.