diwali horizontal

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में मार्केट रिसर्च स्टडी के लिए आवेदन आमंत्रित किए, 15 नवम्बर तक प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि

0 59

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में मार्केट रिसर्च स्टडी के लिए आवेदन आमंत्रित किए, 15 नवम्बर तक प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने राज्य के पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र के समग्र विकास, निवेश प्रोत्साहन और रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से मार्केट रिसर्च स्टडी (बाजार अनुसंधान अध्ययन) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पहल उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 के अंतर्गत की जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह अध्ययन राज्य के पर्यटन उद्योग की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं और चुनौतियों की गहराई से पड़ताल करेगा, ताकि नीतिगत निर्णयों के लिए ठोस और व्यावहारिक आधार तैयार किया जा सके।मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अनुसंधान विषय उद्योग की प्रासंगिकता और आवश्यकता के अनुसार निर्धारित किए जाएंगे। यह अध्ययन यात्रा, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में प्रचलित रुझानों और नीतिगत आवश्यकताओं पर केंद्रित रहेगा। सरकार का उद्देश्य है कि अकादमिक संस्थान, शोधकर्ता और विशेषज्ञ संगठन पर्यटन क्षेत्र में नए विचार और नीतिगत सुधारों के लिए उपयोगी सुझाव प्रस्तुत कर सकें। पर्यटन विभाग का मानना है कि इस तरह के अध्ययन से न केवल प्रदेश के पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ किया जा सकेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा भी तय होगी।पर्यटन विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मान्यता प्राप्त ट्रैवल एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स, ट्रैवल एवं हॉस्पिटैलिटी संस्थान, पंजीकृत एनजीओ (जैसे वाइल्डलाइफ, हेरिटेज कंजर्वेशन, क्राफ्ट या पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संगठन), प्रबंधन संस्थान और विश्वविद्यालय इस पहल के तहत आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक संस्थाएं उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.uptourism.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। पोर्टल 15 नवम्बर 2025 तक खुला रहेगा और इस अवधि के भीतर संस्थाओं को निर्धारित प्रारूप में अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करने होंगे।विभाग के अनुसार, प्रत्येक स्वीकृत मार्केट रिसर्च स्टडी के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 राज्य के पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने वाली योजना है, जिसके तहत पर्यटन निवेश, स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल पर्यटन क्षेत्र में शोध, नवाचार और नीतिगत विकास को प्रोत्साहित करेगी, जिससे प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में एक सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में उभर सके।प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि यह पहल राज्य में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र के सतत विकास की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि मार्केट रिसर्च स्टडी से जमीनी स्तर पर वास्तविक संभावनाओं की स्पष्ट समझ विकसित होगी, जिससे उत्तर प्रदेश के पर्यटन पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूती मिलेगी तथा भविष्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.