diwali horizontal

राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश के 18वें द्विवार्षिक अधिवेशन की तैयारियाँ तेज़

0 64

राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश के 18वें द्विवार्षिक अधिवेशन की तैयारियाँ तेज़

लखनऊ: आगामी 8 व 9 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश के 18वें द्विवार्षिक अधिवेशन की तैयारियों को लेकर संघ के प्रतिनिधि मंडल ने लखनऊ स्थित महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ, उत्तर प्रदेश डॉ. रतन पाल सुमन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने अधिवेशन की रूपरेखा, उद्देश्यों और नर्सिंग संवर्ग के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।संघ के प्रतिनिधि मंडल में महामंत्री अशोक कुमार, उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, संयुक्त सचिव गीतांशु वर्मा, मंडल अध्यक्ष आईनिस चाल् तथा कार्यकारिणी सदस्य स्मिता मौर्य शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने महानिदेशक को बताया कि आगामी अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग सेवाओं की गुणवत्ता, व्यावसायिक दक्षता और स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सिंग की भूमिका को सुदृढ़ करना है।भेंट के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने नर्सिंग कर्मियों की सेवा शर्तों, पदोन्नति, एसीपी, मानव संसाधन की कमी, प्रशिक्षण के अवसर, सुरक्षा व्यवस्था तथा भत्तों में विसंगतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संघ ने महानिदेशक को आमंत्रित करते हुए आग्रह किया कि वे अधिवेशन में अपनी गरिमामयी उपस्थिति देकर नर्सिंग समुदाय का उत्साहवर्धन करें और नीतिगत स्तर पर मार्गदर्शन प्रदान करें।इसी क्रम में संघ पदाधिकारियों ने महानिदेशक, परिवार कल्याण डॉ. पवन कुमार अरुण से भी भेंट की और उन्हें अधिवेशन के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने परिवार कल्याण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका, दायित्वों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की तथा उनसे सकारात्मक सहयोग का अनुरोध किया।संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अधिवेशन पूरे प्रदेश के नर्सिंग कर्मियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहाँ नर्सिंग शिक्षा, मानक सेवाएँ, तकनीकी उन्नयन, स्वास्थ्य योजनाओं में सहभागिता और भविष्य की नीतिगत आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।राजकीय नर्सेस संघ का उद्देश्य है कि इस अधिवेशन के माध्यम से न केवल नर्सिंग संवर्ग की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सक्षम और परिणामकारी बनाया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.