diwali horizontal

रोडवेज बस ट्रक से टकराई, 17 यात्री घायल कई की हालत गंभीर

हमीरपुर LIVE 31/10/25

0 51

रोडवेज बस ट्रक से टकराई, 17 यात्री घायल कई की हालत गंभीर

(सिटीजन वॉयस: हमीरपुर संवाददाता : सैय्यद जामिन)
हमीरपुर :बिवांर क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब राठ–हमीरपुर मुख्य मार्ग पर जा रही रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कानपुर से राठ की ओर जा रही रोडवेज बस (संख्या UP 91 T 3868) शाम करीब चार बजे स्वासा मोड़ के पास एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक (संख्या UP 78 FT 3999) से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में यूपी 112 की टीम व थाना बिवांर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को छानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। घायलों में बस चालक राहुल (सिकंदरपुर, राठ), मोहित पुत्र चरण सहाय, उसकी मां सुमन (छानी, बिवांर), हर्ष पुत्र उदयभान, उसकी मां क्रांति (बिवांर), कृष्ण आदित्य पुत्र नीरज कुमार, उसकी मां कल्पना देवी (जरिया), सपना पुत्री हरी मंगल, हरि मंगल पुत्र रामकिशन (छानी), शिवम तिवारी पुत्र सत्येंद्र कुमार तिवारी, अमरीश कुमार पुत्र वचन प्रसाद, सीता पुत्री ओमप्रकाश शिवहरे (छानी), बस परिचालक रजनी पत्नी लखनलाल (पनवाड़ी, महोबा), कुंती देवी पत्नी जागेश्वर (कलौली जार, ललपुरा), रवि पुत्र प्यारे (मोराकांदर), सुमित्रा पत्नी रामप्रकाश (पौथिया) और भीम सिंह पुत्र शिवनंदन (अछपुरा बहदीना) शामिल हैं। चालक राहुल, क्रांति, हर्ष,सीता सहित करीब आधा दर्जन गंभीर घायलों को हमीरपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

थाना बिवांर प्रभारी निरीक्षक आदित्य सक्सेना ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डीएम एसपी ने किया जिला कारागार का मासिक निरीक्षण

हमीरपुर: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार हमीरपुर का मासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कैदियों की स्थिति, और जेल के प्रशासनिक कार्यों का आकलन के साथ- साथ निम्नलिखित बिंदुओं का निरीक्षण किया गया जेल की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षाकर्मियों की संख्या,उनके उपकरण, और सुरक्षा उपायों की जांच की गई।

 कैदियों की संख्या,उनकी स्वास्थ्य स्थिति, रहने की व्यवस्था और उनकी शिकायतों को सुना गया।जेल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों की उपलब्धता, और सफाई व्यवस्था की जांच की गई।कैदियों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की गई।जेल के प्रशासनिक कार्यों, रिकॉर्ड कीपिंग, और कैदियों के अधिकारों के संरक्षण की व्यवस्था की जांच की गई।कैदियों के लिए उपलब्ध शिक्षा, कौशल विकास, और पुनर्वास कार्यक्रमों की रूप रेखा की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान जेल के अंदर सभी व्यवस्थाओं एवं कैदियों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किये जाने हेतु संबन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

घरों से बिक रही अवैध शराब,नशे की गिरफ्त में सरीला क्षेत्र के युवा!

हमीरपुर: जनपद के सरीला क्षेत्र में सुबह होते ही अवैध शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। दिन निकलते ही देसी शराब कई घरों से बिकनी शुरू हो जाती है । ओवर रेट कर बेची जा रही शराब से क्षेत्र में नशेड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। सूत्रों की माने तो आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन दोनों की छापामार कार्रवाई के बाद भी शराब की अवैध बिक्री रुकने का नाम नहीं ले रही। कई बार स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग ने छापामारी की लेकिन अवैध शराब की बिक्री करने वाले नशे माफियाओं के गुर्गे भनक लगते ही भाग जाते हैं। ताजा मामला जलालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैनी और बिलगांव ग्राम का है। जहां पर ठेका खुलने से पहले ही देसी शराब कई घरों से बिकना शुरू हो जाती है। मीडिया के कैमरे में अवैध शराब की बिक्री का वीडियो कैद होने के बाद शराब की अवैध बिक्री का क्षेत्र में भंडाफोड़ हो चुका है।

 

लोगों का कहना है कि स्थानीय देसी शराब ठेका के ठेकेदार अपने ही गुर्गों से ठेका खुलने से पहले ओवर रेट से शराब बिकवाते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा है । लोग प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह अवैध रूप से शराब बिक्री से नशेड़ियों की संख्या क्षेत्र में प्रतिदिन बढ़ रही है। कई परिवार बर्बाद होने की कगार पर पहुंच चुके हैं ।उसके बावजूद भी स्थानीय विभाग और जिम्मेदार मौन है। लगातार क्षेत्र में अवैध बिक्री होने से नशेड़ियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जोकि युवाओं के भविष्य के लिए और परिवार के लिए कलह का कारण बने हुए हैं। जब इस संबंध में स्थानीय आबकारी निरीक्षक से बात की गई तो उन्होंने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.