
अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य साथ साथ?
इंडिया Live: बिहार विधानसभा चुनाव के गर्माए माहौल के बीच मंगलवार को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पटना एयरपोर्ट पर एक साथ दिखाई दिए। अक्सर सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर एक-दूसरे के खिलाफ तीखी बयानबाजी करने वाले ये दोनों नेता इस बार मुस्कुराते और हाथ मिलाते हुए नजर आए। इससे एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों के बीच उत्सुकता का माहौल बन गया। इस क्षण का वीडियो किसी ने बना लिया। अब यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, बिहार में पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान का समापन हो गया। 6 नवंबर को पहले फेज की वोटिंग है। उससे पहले तमाम राजनीतिक दलों ने प्रचार मैदान में पूरा जोर लगाया है। दरअसल, अखिलेश यादव राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और महागठबंधन के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं, जबकि केशव प्रसाद मौर्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियां कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में एक-दूसरे के सख्त राजनीतिक विरोधी होने के बावजूद दोनों नेताओं का एक मंच पर यूं मिलना बिहार चुनाव में एक दिलचस्प क्षण बन गया अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव जनता पहले ही तय कर चुकी है। इस बार बिहार में बदलाव होना तय है। जनता ने बीजेपी को सबक सिखाने का मन बना लिया है। 20 साल का हिसाब और केंद्र की 10 साल की सरकार का जवाब देना होगा।

उन्होंने केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे, 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देंगे। लेकिन आज तक कितनों को रोजगार मिला? जब तेजस्वी यादव ने बिहार में नौकरी देने की बात की, तो ये लोग घबरा गए। क्योंकि नौकरी देना इनके एजेंडे में है ही नहीं।