diwali horizontal

बिहार विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव का शंखनाद, कहा — भाजपा को हराकर बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार, बिहार बदलेगा तो देश बदलेगा

0 43

बिहार विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव का शंखनाद, कहा — भाजपा को हराकर बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार, बिहार बदलेगा तो देश बदलेगा

पटना: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में चार विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने नवादा, जमुई, बेलहर (बांका) और नाथनगर (भागलपुर) विधानसभा क्षेत्रों में गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार बिहार में परिवर्तन की बयार चल रही है, जनता बदलाव के लिए तैयार है।अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता हमेशा देश को दिशा देती आई है। इस बार बिहार में एनडीए की विदाई और इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग इस बार एक युवा मुख्यमंत्री को चुनेंगे। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और बिहार में नई सरकार बनने के साथ ही नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा।पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति में किसान और नौजवान के लिए कोई स्थान नहीं है। भाजपा ने किसानों को धोखा दिया, नौजवानों के रोजगार छीने, और बिहार को महंगाई, भ्रष्टाचार और पलायन के अंधेरे में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब केंद्र की भाजपा सरकार के 10 साल और प्रदेश की एनडीए सरकार के 20 सालों का हिसाब लेगी। भाजपा ने बिहार का बजट लूटा और उसका पैसा राज्य से बाहर भेज दिया। बिहार का विकास तभी संभव है जब भाजपा सत्ता से बाहर होगी।अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सामाजिक न्याय और समान अवसरों की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि नयी सरकार हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देगी, नौजवानों को रोजगार और किसानों को सम्मान मिलेगा। उन्होंने भाजपा पर जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने कभी कोई वादा पूरा नहीं किया। पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें बढ़ाकर भाजपा ने जनता की जेब काटी और उद्योगपतियों को मुनाफा कमवाया।सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार अहिंसा और सामाजिक न्याय की धरती है — यह भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, जननायक कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद यादव की भूमि है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विभाजनकारी है, जबकि समाजवादी और गठबंधन की राजनीति सबको साथ लेकर चलने की है।अखिलेश यादव ने कहा कि जिस तरह समाजवादियों ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया, उसी तरह बिहार की जनता भाजपा को पराजित करेगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल बिहार का नहीं बल्कि देश के भविष्य का चुनाव है। जब बिहार में बदलाव होगा तो पूरे देश में नई राजनीति की शुरुआत होगी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के बड़े नेता हार गए। प्रधानमंत्री खुद वाराणसी में हारते-हारते बचे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं से लैपटॉप छीन लिया, शिक्षा और रोजगार की संभावनाएं खत्म कर दीं।उन्होंने कहा कि अब समय है कि बिहार भाजपा से सावधान रहे। यह चुनाव संविधान, सौहार्द और सामाजिक न्याय की रक्षा का चुनाव है। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में महागठबंधन की जीत होगी — संविधान, भाईचारा और जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों की विजय होगी। बिहार खुशहाली और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा और एक नया इतिहास रचेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.