diwali horizontal

लखनऊ में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, पिंक बूथ टीम ने डालीगंज रेलवे स्टेशन पर चलाया अभियान

0 109

लखनऊ में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, पिंक बूथ टीम ने डालीगंज रेलवे स्टेशन पर चलाया अभियान

लखनऊ: महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की पिंक बूथ 61 टीम द्वारा रविवार को डालीगंज रेलवे स्टेशन परिसर में महिलाओं, छात्राओं, बुजुर्गों और बच्चों को जागरूक किया गया। थाना मदेयगंज की महिला पुलिसकर्मियों ने लोगों को महिला सुरक्षा से संबंधित पुलिस हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी योजनाओं, साइबर क्राइम से बचाव और नए कानूनों की जानकारी दी।इस अवसर पर महिला हेड कांस्टेबल ज्योति, महिला कांस्टेबल आंचल सिंह और आशा कुमारी ने उपस्थित जनसमूह को बताया कि पिंक बूथ उत्तर प्रदेश सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एकीकृत सहायता और सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पिंक बूथ घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, यौन शोषण या किसी भी प्रकार की हिंसा का सामना कर रही महिलाओं के लिए एक सुरक्षित आश्रय और सहायता केंद्र के रूप में कार्य करता है।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ कमिश्नरेट के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिला शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।कार्यक्रम के दौरान पिंक बूथ टीम ने करीब 25 से 30 महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को मिशन शक्ति अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्डलाइन 1098, नागरिक कॉल सेंटर 1076, अग्निशमन 101, एम्बुलेंस 102, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही यूपी कॉप ऐप और साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस कर्मियों ने कहा कि मिशन शक्ति का लक्ष्य केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, शिक्षित और डिजिटल रूप से जागरूक बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसके तहत महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है।डालीगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने राहगीरों से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए तुरंत हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि इस तरह की जन-जागरूकता गतिविधियाँ महिलाओं के मन से भय को दूर करती हैं और समाज में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.