diwali horizontal

रक्त कोष में लापरवाही पर बवाल, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित: तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश, अभद्रता व गलत ब्लड ग्रुप देने का आरोप!

अयोध्या LIVE 10/11/25

0 56

रक्त कोष में लापरवाही पर बवाल, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित: तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश, अभद्रता व गलत ब्लड ग्रुप देने का आरोप!

(सिटीजन वॉयस:अयोध्या: संवाददाता: जे पी गुप्ता)

अयोध्या: जिला चिकित्सालय अयोध्या के रक्त कोष में हुई लापरवाही और तीमारदार से अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार की शाम न्यू इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीज को गलत ब्लड ग्रुप का रक्त दिए जाने और कर्मचारियों द्वारा तीमारदार से अभद्रता करने के मामले में सोमवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. ए.पी. भार्गव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने प्रभारी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह को तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर तीन दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
घटना के अनुसार, शनिवार की शाम लगभग आठ बजे न्यू इमरजेंसी वार्ड में भर्ती 15 वर्षीय श्रेया सिंह पुत्री महेंद्र कुमार सिंह निवासी खानपुर मसौधा को डॉक्टरों ने एक यूनिट ब्लड लगाने की सलाह दी। मरीज के पिता महेंद्र सिंह ब्लड डिमांड फार्म लेकर ब्लड बैंक पहुंचे, जहां उन्होंने अपना रक्त देकर बेटी के लिए A+ ग्रुप का ब्लड मांगा। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात लैब टेक्नीशियन सचिन तिवारी और बलराम वर्मा ने गलती से A निगेटिव ब्लड का ब्लड दे दिया।

 

जब ब्लड बैग नर्स के पास पहुंचा, तो उसने ब्लड ग्रुप में असमानता देखकर तुरंत उसे वापस करने की सलाह दी। तीमारदार ने मामला इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर आशुतोष प्रताप सिंह को बताया, जिन्होंने भी ब्लड बैंक जाकर सही ब्लड लेने को कहा। लेकिन जब तीमारदार पुनः ब्लड बैंक पहुंचा तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उससे अभद्रता की और कथित रूप से सुविधा शुल्क की मांग करते हुए हाथापाई तक कर दी।पीड़ित द्वारा डीएम और कोतवाली पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामला मीडिया में आने के बाद अपर निदेशक स्वास्थ्य स्वयं जिला चिकित्सालय पहुंचे और पूरे प्रकरण की गहन जांच की।
प्रभारी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह ने एडी के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है, जिसमें डॉ. विजय हरि आर्या, डॉ. कुलदीप और एलटी विनोद त्रिपाठी शामिल हैं। समिति को तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से मरीजों का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से उठता जा रहा है।

अज्ञात वाहन ने कवरेज पर जा रहे पत्रकारों की बाइक को मारी टक्कर, दोनों घायल

अयोध्या:  कैंट थाना क्षेत्र के जमथरा रोड से गुप्तार घाट  कवरेज के लिए जा रहे दो पत्रकार सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान पत्रकार आज़म खान और पत्रकार बिस्मिल्लाह खान उर्फ बिस्मिल के रूप में हुई है। हादसे में दोनों के पैरों में चोटें आई हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।सूचना पर पहुंची कैंट थाना पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घायलों की ओर से पुलिस को वाहन संख्या UP 32 QY 5100 तथा अज्ञात चालक के विरुद्ध तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विशाल गुप्ता बने उत्तर प्रदेश बाक्सिंग संघ के प्रदेश अध्यक्ष!

अयोध्या:  अयोध्या में चल रही राज्य स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता के दौरान रविवार को उत्तर प्रदेश बाक्सिंग संघ विशेष आम सभा की बैठक (स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग) सम्पन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से अयोध्या के विशाल गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। विशाल गुप्ता एम.आर. जयपुरिया स्कूल, अयोध्या के निदेशक और  विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के ज्येष्ठ पुत्र हैं। अभी तक वे संघ में प्रदेश उपाध्यक्ष दायित्व निर्वहन कर रहे थे।इस अवसर पर राष्ट्रीय बाक्सिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बॉक्सिंग की अपार संभावनाएं हैं। अब नए नेतृत्व से खेल को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। संघ युवाओं को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और आधुनिक संसाधनों से जोड़ने का काम तेज करेगा।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या केवल आध्यात्मिक नगरी नहीं, बल्कि खेल की भूमि भी बन रही है। मेरे पुत्र को जो जिम्मेदारी दी गई है, वह समर्पण और मेहनत से खेल जगत का गौरव बढ़ाने का कार्य करेंगे।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने कहा कि “मुझे जो दायित्व मिला है, वह सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी है। प्रदेश के हर जिले में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को सुविधाएं दिलाने और पारदर्शी चयन प्रणाली लागू करने के लिए प्रयास किया जाएगा।
चुनाव में अन्य पदाधिकारियों में अभिषेक पाल (सिद्धार्थनगर) उपाध्यक्ष, उपेंद्र पांडेय (कानपुर) महासचिव, रमाकांत पांडेय (बस्ती), अभिषेक अग्रवाल (अयोध्या), आशुतोष ओझा (वाराणसी) संयुक्त सचिव तथा देवेन्द्र कुमार (लखनऊ) कोषाध्यक्ष चुनें गए। कार्यकारिणी सदस्यों में अमित गिरी (मेरठ), सत्यम शुक्ला (प्रयागराज), संजीव राय (गोरखपुर) और मनीष जायसवाल (प्रयागराज) शामिल हैं।

इन्नमा बनी महक यादव अपनाया सनातन धर्म, अभिषेक यादव संग रचाई हिंदू रीति-रिवाज से शादी!

अयोध्या: कोतवाली नगर के अंतर्गत जनौरा स्थित राम जानकी मंदिर में एक अनोखा विवाह सम्पन्न हुआ। इन्नमा नामक युवती ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाते हुए अभिषेक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया।
विवाह कार्यक्रम राजेश सिंह (मानव) के राम जानकी मंदिर अयोध्या सदन में सम्पन्न हुआ, जहां दोनों ने भगवान को साक्षी मानकर एक-दूसरे का जीवनसाथी बनने की प्रतिज्ञा ली।

अभिषेक ने बताया कि यह विवाह पूरी तरह आपसी सहमति और स्वेच्छा से किया गया है। वहीं, इन्नमा जिसका नया नाम अब महक रखा गया है ने भी कहा कि वह बिना किसी दबाव के सनातन धर्म अपना रही हैं और अभिषेक यादव को अपने जीवनसाथी के रूप में स्वीकार कर रही हैं।
महंत संत दास उर्फ राजेश सिंह (मानव) ने बताया कि अभिषेक यादव पहले से उनके संपर्क में था और उदया पब्लिक स्थित स्थान पर भी आता-जाता रहता था। वहीं, महक यादव ने भी धर्म परिवर्तन की इच्छा पहले ही व्यक्त की थी। उन्होंने बताया कि दोनों बालिग हैं और कानूनन अपने जीवनसाथी चुनने का उन्हें पूर्ण अधिकार है। आज दोनों ने सनातन धर्म की परंपराओं के अनुसार विवाह कर समाज के लिए एक मिसाल पेश की है।विवाह समारोह में मौजूद लोगों ने भी नवदंपत्ति को आशीर्वाद दिया।

स्ववित्तपोषित शिक्षकों के साथ अवध विश्वविद्यालय  के प्रांगण में विशाल धरना!

 अयोध्या: बहुविकल्पीय परीक्षा प्रणाली के विरोध मे, संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर– स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन अपने सभी अवध वि.वि. से सम्बद्ध स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के अधिक से अधिक स्ववित्तपोषित शिक्षकों के साथ अवध विश्वविद्यालय  के प्रांगण में विशाल धरना प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी सक्रीय भूमिका निभाएंगे । 11 नवंबर को प्रात:10बजे  से संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा का विशाल धरना प्रर्दशन प्रस्तावित है

उक्त जानकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.अमित कुमार झा  उपाध्यक्ष डॉ.घनश्याम यादव महामंत्री डॉ.अखिलेश्वर चौबे प्रवक्ता डॉ.संदीप श्रीवास्तव जी संगठन मंत्री आशुतोष पाण्डेय कोषाध्यक्ष डॉ.नीलमणि सिंह डॉ.छाया सिंह डॉ.जे.हैदर डॉ.संजय सिंह डॉ.अजय तिवारी डॉ.अवनीश प्रताप सिंह ने अपनी कमेटी के साथ साझा की है।

पेंशनर्स घर बैठे डाकिया से बनवाये जीवित प्रमाण पत्र!

हाइलाइट्स:

  • पेंशनभोगियों को नवम्बर में घर बैठे मिलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
  • फिंगर प्रिन्ट के अलावा चेहरे से भी बनेगा जीवित प्रमाण पत्र
  • राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान : हरे कृष्ण यादव
अयोध्या:  प्रधान डाकघर में पेंशनर्स के लिए डिजिटल लाइफ प्रमाण पत्र जारी करने एवं सुकन्या समृद्धि योजना का शिविर लगाया गया । दर्जनों पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के साथ सुकन्या खाते खोले गए । शिविर में बतौर मुख्य अतिथि इंडिया पोस्ट पेमेण्ट बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एन्ड सीईओ आर. विस्वेस्वरण ने शिरकत किया । विशिष्ट अतिथि सहायक जनरल मैनेजर अपूर्व गुप्ता एवं मण्डल के प्रवर अधीक्षक हरे कृष्ण यादव मौजूद रहे । इस दौरान श्री विस्वेस्वरण ने बताया कि अब पेंशनरों को जीवित प्रमाणपत्र (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करने के लिए कोषागार, बैंक या अन्य किसी विभाग में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पेंशनर्स घर बैठे डाकिया के माध्‍यम से यह प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। श्री विश्वेशरन ने यह भी कहा कि देश में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने सर्वाधिक 12 करोड़ से अधिक खाता खोलकर ग्राहकों को सेवा दे रहा है आज इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,  छात्रवृत्ति, पेन्शन, गैस सब्सिडी, सहित डीबीटी का लाभ मिलता है साथ ही बीमा, टीबी, मोबाइल रिचार्ज के साथ साथ गैस, बिजली का बिल तथा टैक्स आदि जमा करने का आसान सेवा उपलब्ध है । इसके साथ साथ आधार इनवेल्ड पेमेंट्स सिस्टम (AEPS)   माध्यम से अब कोई भी व्यक्ति अपने किसी भी बैंक के आधार-लिंक्ड खाते से धनराशि डाकघर से निकाल सकता है और बैलेंस इंक्वायरी की जानकारी ले सकता है। यही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग अपने इलाके के डाकिये के माध्यम से भी किसी बैंक से पैसे निकाल सकते हैं, बशर्ते खाता आधार से लिंक होना चाहिए।
सहायक जनरल मैनेजर अपूर्व गुप्ता ने बताया कि पेंशनर अपने नजदीकी शहरी अथवा ग्रामीण डाकघर के डाकिया के माध्यम से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकते हैं। इसके लिए उन्‍हें मात्र 70 रुपये देना पड़ेगा। साथ ही यह भी बताया कि अब जीवित प्रमाण पत्र फिंगर प्रिन्ट के अलावा चेहरे के से भी जीवित प्रमाण पत्र बन सकेगा जबकि इससे पहले सिर्फ फिंगर प्रिंट से ही सुविधा लागू थी । जीवन प्रमाण पत्र बनने के बाद यह प्रमाण पत्र स्वतः संबंधित विभाग को ऑनलाइन पहुंच जाएगा। इससे पेंशन मिलने में कोई रुकावट नहीं आएगी। यह सुविधा सभी डाकघरों में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। भारतीय डाक विभाग के माध्यम से सभी विभागों के पेंशनरों को घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रदान करने की सुविधा उपलब्ध कराया गया है ।

सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में श्री यादव ने कहा कि बेटियां ही 21वीं सदी में हमारे देश का भविष्य हैं और उनका राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है । आज बेटियों के सपनों को पंख देने के लिए अविभावक को उन्हें आर्थिक मजबूती देंने की जरूरत है । साथ ही उन्होंने बताया कि भारत सरकार के अभियान ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ के अन्तर्गत सभी लोगों का दायित्व है कि बेटियों के भविष्य को संवारने के लिए एक सार्थक कदम उठायें । भारत सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण की दिशा में तमाम महत्वपूर्ण योजनाएँ चलायी जा रही हैं। इसी क्रम में डाकघरों में सुकन्या  समृद्धि योजना में धन जमा करने से माँ-बाप अपनी बेटी के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभायेंगे। इससे बेटियों को आर्थिक व सामाजिक रूप से भविष्य में मजबूत किया जा सकता है। कन्या भ्रूण हत्या रोकने, महिला सशक्तिकरण, उच्च शिक्षा में  सुकन्या समृद्धि योजना राष्ट्र निर्माण में सहायक होगी। इस दौरान सुकन्याओं को उपहार के साथ पासबुक, पेंशनर को डिजिटल प्रमाण पत्र तथा नये ग्राहकों को QR कार्ड बांटे गये ।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक वरिष्ठ प्रबंधक चेतन जायसवाल ने कहा कि पेंशनर इस सुविधा को लेने के लिए अपने डाकिया के साथ-साथ पोस्ट इन्फो मोबाइल एप द्वारा ऑनलाइन अनुरोध भी कर सकते हैं। इसके लिए पेंशनर को आधार नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक या डाकघर खाता संख्या और पीपीओ नंबर देना होगा।
संचालन करते हुए मुख्य विपणन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पेंशनरों को प्रत्येक वर्ष सामान्यतया नवंबर और दिसंबर माह में कोषागार, बैंक या संबंधित विभाग में जीवन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होता है। इसके लिए दूरदराज इलाके के पेंशनरों को कोषागार आने में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यात्रा आदि में भी काफी व्यय होता है। साथ ही कहा कि डाक विभाग की इस पहल से  पेंशनरों को काफी सहूलियत मिलेगी। बैठक में सीनियर पोस्टमास्टर अनुज कुमार सिंह, इंडिया पोस्ट पेमेण्ट के वरिष्ठ प्रबंधक चेतन जायसवाल, सहायक प्रबंधक विक्रांत , मुख्य विपणन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप सिंह, साक्षी दीक्षित सहित दर्जनों उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.