
दिल्ली आतंकी हमले पर संजय सिंह का प्रधानमंत्री पर हमला, कहा— देश को जिम्मेदार सरकार चाहिए, न कि पार्ट टाइम प्रधानमंत्री
अयोध्या से प्रयागराज तक “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा का एलान
अयोध्या: दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में हुए आतंकी हमले ने देश को हिला दिया है। इस हमले में नौ निर्दोष लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस हमले को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में लाल किले के पास ऐसा आतंकी हमला होना सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी विफलता है।संजय सिंह ने कहा कि जब यह हमला हुआ, तब प्रधानमंत्री भूटान के राजा के जन्मदिन समारोह में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि यह संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है कि जब देश की राजधानी दहशत के साये में थी, तब प्रधानमंत्री विदेश में भाषण दे रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि उन्हें अपनी विदेश यात्राएं स्थगित कर देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।आप सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2019 में कहा था कि भारत पर किसी भी आतंकी हमले को युद्ध माना जाएगा, तो अब सवाल है कि इस हमले के बाद सरकार क्या कदम उठाएगी क्या सिर्फ बयान जारी होगा या पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा? उन्होंने फरीदाबाद में हाल ही में पकड़े गए विस्फोटकों और हथियारों का ज़िक्र करते हुए कहा कि सरकार ने अब तक उस मामले में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।संजय सिंह ने कहा कि देश को पार्ट टाइम प्रधानमंत्री और पार्ट टाइम गृह मंत्री नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार सरकार चाहिए जो देश की सुरक्षा और जनता के जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। उन्होंने इस हमले में मारे गए नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिससे आने वाली पीढ़ियां याद रखें कि आतंक के खिलाफ भारत कितना सख्त है।संजय सिंह ने प्रेस वार्ता में घोषणा की कि आम आदमी पार्टी 12 नवम्बर से “सरयू से संगम तक रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” नामक पदयात्रा की शुरुआत करेगी। यह यात्रा अयोध्या से प्रयागराज तक चलेगी और लगभग 13 दिनों में करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह यात्रा अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और अमेठी होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी।उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा बेरोजगारी, किसान संकट और सामाजिक अन्याय जैसे गंभीर मुद्दों पर केंद्रित होगी। इस यात्रा में दिल्ली के विधायक और प्रदेश प्रभारी अनिल झा, प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और संजीव सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बड़ा बेरोजगार राज्य बन गया है। यहां नौजवान, किसान, बुनकर, शिक्षामित्र, आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सभी वर्ग पीड़ा में हैं, जबकि सरकार धर्म और जाति की राजनीति में जनता को भटका रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के संविधान में हर नागरिक को न्याय का अधिकार मिला है, लेकिन आज पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही।
उन्होंने कहा कि “लखनऊ के काकोरी में दलित बुजुर्ग को पेशाब पिलाई जाती है, कथावाचक का सिर मुंडवा दिया जाता है, सीआरपीएफ जवान को इसलिए घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जाता क्योंकि वह दलित है — यह सब उत्तर प्रदेश में हो रहा है।” उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की हालत दयनीय है, मिड डे मील में नमक-रोटी दी जा रही है, अस्पतालों में मोमबत्ती की रोशनी में ऑपरेशन हो रहे हैं और एंबुलेंस की सुविधा नाम मात्र की रह गई है।संजय सिंह ने प्रेस वार्ता में SIR योजना को बहुत बड़ा चुनावी घोटाला करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में पहले ही लगभग 80 लाख वोट हटाए जा चुके हैं और अब उत्तर प्रदेश में करीब दो करोड़ वोट हटाने की साजिश चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के वोट को टारगेट कर विपक्षी वोटरों को हटाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि महोबा में एक ही घर में 4271 वोट दर्ज पाए गए, जो इस फर्जीवाड़े का सबसे बड़ा सबूत है। उन्होंने कहा कि यह साजिश लोकतंत्र के खिलाफ है और आम आदमी पार्टी इसे जनता के बीच लेकर जाएगी।अंत में संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा उन बेरोजगारों, किसानों, मजदूरों और हर उस व्यक्ति की आवाज बनेगी जिसे न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा, “हम सरयू से संगम तक संकल्प लेकर चलेंगे — हमें रोजगार भी चाहिए और सामाजिक न्याय भी।”प्रेस वार्ता में दिल्ली के विधायक अनिल झा, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, अवध प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और अयोध्या जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति उपस्थित रहे।
