
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने किया शहर के विकास कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने किया शहर के विकास कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
लखनऊ: नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को शहर के विभिन्न जोनों में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और शहर की सौंदर्यवृद्धि को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।निरीक्षण की शुरुआत नगर आयुक्त ने जोन-4 के गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्रा पार्क के गेट नंबर 4 के सामने बन रहे “ईट राइट इनिशिएटिव प्रोग्राम” के तहत नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे क्लीन स्ट्रीट फूड हब से की। उन्होंने परियोजना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य को शीघ्र गति दी जाए ताकि आम नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित खानपान की सुविधा मिल सके। साथ ही, उन्होंने क्लीन स्ट्रीट फूड हब के अंदर बनाए जा रहे आंतरिक मार्गों को चौड़ा करने के निर्देश दिए, जिससे आगंतुकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके पश्चात नगर आयुक्त ने जोन-3 के महानगर मंदिर मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क और अन्य कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं से कार्य की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि इस योजना के अंतर्गत सभी कार्यों को शीघ्र और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इस दौरान अधिशासी अभियंता सहित जोन-3 की पूरी तकनीकी टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जोन-8 स्थित तेलीबाग मार्केट में बने स्थायी शेल्टर होम का भी दौरा किया। उन्होंने शेल्टर होम की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि शेल्टर होम की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता हो, तो आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं। इस संबंध में उन्होंने अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव को दिशा-निर्देश दिए।नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेल्टर होम में सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे शौचालय, रजाई, गद्दे, कंबल और महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरतमंद लोगों की सुविधा के लिए शेल्टर होम की विज़िबिलिटी बढ़ाई जाए तथा उचित साइनेज लगाए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति आसानी से वहां तक पहुंच सके।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि नगर निगम लखनऊ का लक्ष्य है कि शहर के सभी विकास कार्य समय पर, गुणवत्तापूर्ण और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरे किए जाएं, जिससे लखनऊ स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक नगरी के रूप में निरंतर आगे बढ़ सके।
