
अखिलेश यादव ने की “नेताजी मुलायम सिंह यादव हाफ मैराथन” की लॉन्चिंग, बलिया में 25 नवम्बर को होगा आयोजन
अखिलेश यादव ने की “नेताजी मुलायम सिंह यादव हाफ मैराथन” की लॉन्चिंग, बलिया में 25 नवम्बर को होगा आयोजन
लखनऊ/बलिया: समाजवादी आंदोलन के पुरोधा और देश के पूर्व रक्षा मंत्री नेताजी मुलायम सिंह यादव की स्मृति में “नेताजी मुलायम सिंह यादव हाफ मैराथन” का आयोजन 25 नवम्बर 2025 को बलिया में किया जा रहा है। यह आयोजन जनसंवाद समन्यय की ओर से 21.1 किलोमीटर की दौड़ के रूप में होगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज इस आयोजन की टी-शर्ट और कैप का शुभारंभ करते हुए बलिया के युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने इस आयोजन के संरक्षक, पूर्व नेता विरोधी दल रामगोविन्द चौधरी को भी धन्यवाद दिया और कहा कि यह पहल नेताजी की समाजवादी विरासत को नई ऊर्जा देने का माध्यम बनेगी।अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी का जीवन समाजवादी सिद्धांतों, सामाजिक न्याय और जनकल्याणकारी राजनीति का प्रतीक रहा है। यह हाफ मैराथन उसी समाजवादी विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बलिया की धरती सदैव संघर्ष और परिवर्तन की भूमि रही है, ऐसे में यह आयोजन युवाओं और महिलाओं को राजनीति और समाज सुधार से जोड़ने की दिशा में एक प्रेरक कदम साबित होगा।आयोजन समिति के अनुसार, इस हाफ मैराथन को नेताजी की समाजवादी विरासत का जीवंत प्रतीक बनाया जाएगा। कार्यक्रम में समाजवादी नारों, पोस्टरों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य जाति, वर्ग और धर्म से परे एकता और समरसता का संदेश देना है। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, समावेशिता और समान अवसरों के समाजवादी संदेश का उत्सव है।मैराथन दौड़ में प्रतिभागियों को चार श्रेणियों में बांटा जाएगा और प्रत्येक श्रेणी में प्रथम से छठे स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन “खेल के माध्यम से समाजवाद” के विचार को साकार करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है, जिससे युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक जागरूकता दोनों का संचार होगा।
कार्यक्रम के प्रबंधक धनंजय सिंह बिसेन, सचिव मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ एवं प्रदीप यादव, सह सचिव अमृतेश यादव और डॉ. भूपेन्द्र सिंह लोधी, संगठन सचिव मोहित चौधरी एवं सभाजीत यादव ‘गुड्डू’, तथा कोषाध्यक्ष अटल पाण्डेय कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हैं। इन सभी का लक्ष्य है कि नेताजी मुलायम सिंह यादव हाफ मैराथन बलिया न केवल एक भव्य खेल आयोजन बने बल्कि समाजवादी विचारों के पुनर्संचार का प्रतीक भी साबित हो।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि नेताजी का जीवन संघर्ष, संवेदनशीलता और सेवा का पर्याय था। उनके नाम पर आयोजित यह मैराथन उनके विचारों को जनमानस तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को समाजवादी आंदोलन से जोड़ने का माध्यम बनेगी।
