
उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग में बड़ा फेरबदल: सभी इकाइयाँ भंग, राहुल गांधी की महारैली की तैयारी तेज
उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग में बड़ा फेरबदल: सभी इकाइयाँ भंग, राहुल गांधी की महारैली की तैयारी तेज
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधि विभाग में बड़े संगठनात्मक फेरबदल की घोषणा की गई है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चेयरमैन अली आसिफ जमा रिज़वी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में विभाग की सभी मौजूदा इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया।
बैठक का संचालन विधि विभाग के प्रशासन प्रभारी शैलेश त्रिपाठी ने किया, जबकि संगठन प्रभारी अनस खान भी उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि विधि विभाग की पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी, सभी मंडल अध्यक्ष तथा जिला/शहर इकाइयों को भंग किया जाता है। चेयरमैन रिज़वी ने निर्देश दिया कि नई नियुक्ति होने तक सभी निवर्तमान पदाधिकारी कार्यवाहक के रूप में काम करते रहेंगे।
वहीं, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य और इलाहाबाद व लखनऊ खंडपीठ के अधिवक्ता पूर्व की तरह अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। सोशल मीडिया प्रभारी अमानुर रहमान एडवोकेट ने 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली महारैली की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने कांग्रेस विचारधारा से जुड़े सभी अधिवक्ताओं से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
बैठक में सोमेश त्रिपाठी एडवोकेट, आई.पी. सिंह एडवोकेट, राजेश विद्यार्थी एडवोकेट, कादम्बिनी लाल श्रीवास्तव एडवोकेट सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
