diwali horizontal

लखनऊ में दो दिन से लापता युवक का शव मिला, जहर पिलाकर हत्या का आरोप

0 101

लखनऊ: दो दिन से लापता कैटरर का शव आम के बाग में मिला, जहर पिलाने और हत्या का आरोप

लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के अमलौली गांव में शनिवार सुबह एक आम के बाग में 35 वर्षीय महेंद्र गुप्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महेंद्र पिछले दो दिनों से लापता थे। शव पर सिर और शरीर पर चोट के निशान तथा फटे हुए कपड़े मिलने से हत्या की आशंका प्रबल हो गई है।

मौत से पहले भाई को किया था आखिरी कॉल

मृतक महेंद्र गुप्ता, जो एमडी गुप्ता कैटरर्स के नाम से कैटरिंग का काम करते थे, शुक्रवार को खरीदारी के लिए बाजार गए थे।
लापता होने के करीब एक घंटे बाद उन्होंने छोटे भाई धीरज को फोन किया था।

परिजनों के अनुसार, महेंद्र ने फोन पर रोते हुए बताया कि उसे चचेरे बहनोई के भाई शुभम गुप्ता के चार लोगों ने जहर पिला दिया है, और जल्द आने को कहा। हालांकि कॉल के दौरान जगह का नाम स्पष्ट नहीं सुना जा सका। इसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया।

परिवार ने उसी रात माल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

सुबह बाग में मिला शव, आसपास मिली शराब की पुड़िया

शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे, घर से लगभग 7 किलोमीटर दूर, अमलौली पुलिया के पास स्थित एक बाग में महेंद्र का शव मिला।

परिजनों ने बताया कि घटनास्थल के पास शराब की पुड़िया और पानी की बोतल मिली है। उनके मुताबिक, महेंद्र को कहीं और पीटकर बाद में यहां फेंका गया, क्योंकि सिर, पीठ और शरीर पर चोट के कई निशान थे।

महेंद्र के परिवार में पत्नी काजल और तीन बच्चे—यश, हार्दिक और कार्तिक—शामिल हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा है।

FIR दर्ज, एक आरोपी हिरासत में

माल इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि सूचना मिलते ही माल और मलिहाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

मृतक के चचेरे भाई अमरजीत की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शुभम गुप्ता (निवासी देवरी गजा) और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।

शुभम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य चार आरोपियों की तलाश जारी है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, रंजिश स्पष्ट नहीं

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक रंजिश का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, इसलिए पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.