
एलडीए की बड़ी ई-नीलामी: गोमती नगर विस्तार, 1090 चौराहा और डालीबाग के प्राइम भूखंड उपलब्ध
लखनऊ विकास प्राधिकरण इस बार अपनी ई-नीलामी प्रक्रिया में शहर के सबसे प्राइम लोकेशन वाले भूखंड शामिल करने जा रहा है। इन स्थानों में गोमती नगर विस्तार, 1090 चौराहा (विपिन खण्ड विस्तार) और डालीबाग स्थित बटलर पैलेस रोड के कीमती प्लॉट शामिल हैं। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार इन सभी परियोजनाओं में उत्कृष्ट रोड कनेक्टिविटी के साथ बड़ा ग्रीन एरिया भी उपलब्ध कराया जाएगा। ई-नीलामी पोर्टल 15 दिसंबर 2025 से खोला जाएगा।
गोमती नगर विस्तार: ग्रुप हाउसिंग और कॉमर्शियल प्लॉट
सेक्टर-7, पुलिस मुख्यालय के पीछे स्थित 43.051 एकड़ क्षेत्र में 11 ग्रुप हाउसिंग तथा 1 कॉमर्शियल भूखंड प्रस्तावित हैं।
योजना के अनुसार 15 प्रतिशत भूमि ग्रीन एरिया के लिए सुरक्षित रखी गई है।
• ग्रुप हाउसिंग भूखंड (5,295 वर्गमीटर से 11,934 वर्गमीटर): ₹80,633 प्रति वर्गमीटर
• व्यावसायिक भूखंड (7,180 वर्गमीटर): ₹82,864 प्रति वर्गमीटर
1090 चौराहा: हाई-डिमांड वाले कमर्शियल और हॉस्पिटल भूखंड
विपिन खण्ड विस्तार में 1090 चौराहे के पास 5 व्यावसायिक और 1 हॉस्पिटल भूखंड नीलामी में रखे जाएंगे।
• व्यावसायिक प्लॉट (51 वर्गमीटर से 11,175 वर्गमीटर): ₹1,18,855 से ₹1,28,230 प्रति वर्गमीटर
• हॉस्पिटल भूखंड (1,615 वर्गमीटर): ₹97,413 प्रति वर्गमीटर
ये भूखंड तेज व्यवसायिक विकास, उच्च फुटफॉल और प्रमुख सड़कों से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण निवेशकों के लिए अत्यधिक आकर्षक माने जा रहे हैं।
डालीबाग: बटलर पैलेस रोड के प्राइम ग्रुप हाउसिंग प्लॉट
डालीबाग क्षेत्र में ग्रुप हाउसिंग के दो भूखंड (2,026 वर्गमीटर और 2,097 वर्गमीटर) भी नीलामी में शामिल किए जा रहे हैं, जिनकी आरक्षित दर ₹88,334 प्रति वर्गमीटर है।
उपाध्यक्ष के अनुसार हाल ही में इसी क्षेत्र में 72 फ्लैटों के लिए 8 हजार से अधिक आवेदन आए थे, जिससे इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ई-नीलामी में भागीदारी
एलडीए की सभी ग्रुप हाउसिंग, कमर्शियल और हॉस्पिटल उपयोग वाली संपत्तियों के लिए ई-ऑक्शन प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू होगी। इच्छुक आवेदक एलडीए की वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं और नीलामी में भाग ले सकते हैं।