
कांग्रेस स्थापना दिवस पर लखनऊ में भव्य समारोह, अविनाश पाण्डेय का ऐलान – प्रदेश के 18 मंडलों में लगेगी आर्ट पिक्चर गैलरी
कांग्रेस स्थापना दिवस पर लखनऊ में भव्य समारोह, अविनाश पाण्डेय का ऐलान – प्रदेश के 18 मंडलों में लगेगी आर्ट पिक्चर गैलरी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय प्रमुख रूप से शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की शपथ दिलाई।
आर्ट पिक्चर गैलरी बनी आकर्षण का केंद्र
स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए कांग्रेस मुख्यालय परिसर में भव्य आर्ट पिक्चर गैलरी की प्रदर्शनी लगाई गई। इस गैलरी में आजादी से पहले और बाद के कांग्रेस अधिवेशनों, पार्टी की विचारधारा, संघर्षों और बलिदान देने वाले महापुरुषों के इतिहास को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे “मास्टर पीस” बताया और निर्देश दिया कि ऐसी ही आर्ट पिक्चर गैलरी उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में लगाई जाए, ताकि कांग्रेस के इतिहास और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
कांग्रेस देश की आत्मा है : अविनाश पाण्डेय
समारोह को संबोधित करते हुए अविनाश पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की आत्मा और विचारधारा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाई और लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। कांग्रेस का इतिहास त्याग, संघर्ष और जनसेवा से भरा हुआ है, जिसे कोई मिटा नहीं सकता।
मिशन 2027 और प्रदेशव्यापी रैलियों का ऐलान
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब कांग्रेस का कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर चुका है।
उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए निर्णायक होगा और जल्द ही पूरे प्रदेश में बड़ी रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा पर साधा निशाना
कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए।
प्रदीप नरवाल (राष्ट्रीय सचिव) ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान की रक्षा की है, जबकि भाजपा उसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
प्रसिद्ध लेखक डॉ. अशोक पाण्डेय ने अहिंसा और समावेशी विचारधारा पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस ने सभी वर्गों को जोड़कर ‘भारतीय’ पहचान दी।
दलित चिंतक एच.एल. दुसाध ने बढ़ती आर्थिक असमानता को देश की सबसे बड़ी समस्या बताया और मौजूदा सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
