
लखनऊ में उज्बेक महिला फर्जी पहचान के साथ गिरफ्तार
लखनऊ Crime Live: लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालत में घूम रही उज्बेकिस्तान की एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जांच में महिला का बताया गया नाम फर्जी निकला। उसके पास मिला वीजा भी फर्जी है। पुलिस ने विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया- 21 मार्च की रात करीब 1 बजे पानदरीबा इलाके में एक विदेशी महिला सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। उसके पास कई लोग आते और कुछ बात करके निकल जाते। गश्त कर रही पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उसके बाद उसे पकड़कर मिशन शक्ति केंद्र लाया गया।
दूतावास से संपर्क करने पर नाम का खुलासा
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मुबीन और खुद को उज्बेकिस्तान की निवासी बताया। मामले की सूचना एलआईयू और अन्य खुफिया एजेंसियों को दी गई। दूतावास से संपर्क करने पर पता चला कि महिला का वास्तविक नाम खुजेविया जियोडा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के पास मौजूद वीजा भी फर्जी है। इस पर पानदरीबा पुलिस चौकी में तैनात दरोगा नीरज कुमार सिंह की तहरीर पर विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी अभिनव वर्मा ने बताया कि महिला के खिलाफ नाका थाने में 23 अप्रैल की शाम FIR दर्ज कर ली गई। उसका पासपोर्ट जांच के लिए भेजा गया है। वह शहर में कहां रह रही थी और भारत आने का उसका उद्देश्य क्या था? इन सवालों के आधार पर गहन जांच की जा रही है।