
69000 भर्ती अभ्यर्थियों का रेंगकर प्रदर्शन, मंत्री आवास पर कई बेहोश
LUCKNOW LIVE NEWS: लखनऊ में कई बेहोश हुए; 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का अनोखा प्रदर्शन

69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने सोमवार को शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मंत्री के आवास से करीब 100 मीटर पहले इकट्ठा हुए। जमीन पर कीड़े-मकौड़े की तरह रेंगते हुए मंत्री के आवास तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा- हम लोग सरकार की नजर में कीड़े-मकौड़े हो चुके हैं। हमारी कहीं कोई सुनवाई नहीं है। इसलिए आज हम लोग कीड़ों की तरह रेंगते हुए मंत्री के आवास पर पहुंचे। भीषण गर्मी की वजह से कई अभ्यर्थी बेहोश हो गए। पुलिस ने उन्हें पानी पिलाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस प्रदर्शन को लेकर एक्स पर पोस्ट किया है। प्रदर्शनकारियों का वीडियो पोस्ट करके हुए लिखा संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण के अधिकार को मारने वाली भाजपा का अंहकार आज अंदर-ही-अंदर बहुत खुश होगा कि सदियों से वंचित, शोषित, पीड़ित समाज आज भी उनके वर्चस्व के आगे दंडवत होकर याचना कर रहा है, लेकिन अपने प्रभुत्व के घमंड में चूर भाजपाई और उनके संगी-साथी ये भी याद रखें कि जब आग्रह हार जाता है, तब इंसान सीमाएं लांघ जाता है। देखिए 3 तस्वीरें अभ्यर्थी सड़क पर लेटते हुए मंत्री के आवास तक पहुंचे। भीषण गर्मी की वजह से कई अभ्यर्थी बदहवास हो गए। अभ्यर्थियों ने कड़ी धूप में बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


हम सभी सामूहिक आत्मदाह करेंगे बनारस से आए कैलाश नाथ मौर्या ने कहा- हम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से बस यही कहना चाहते हैं कि हम अब अपना धैर्य खो चुके हैं। हमारे अंदर बिल्कुल भी सहन शक्ति नहीं बची है। हम लोग घर से हार चुके हैं और अब सरकार से भी उम्मीद नहीं रही है। यह अंतिम फरियाद है। सुनवाई नहीं हुई तो हम सभी अभ्यर्थी सामूहिक तौर पर आत्मदाह करेंगे। एक छोटी सी खेती है, उसी से घर का खर्च चलता है। कैलाश नाथ मौर्या ने कहा- फसल बेचकर हम लोग लखनऊ प्रदर्शन करने आते हैं। कैलाश नाथ मौर्या ने कहा- हम लोग अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं दे पा रहे हैं। सिस्टम की वजह से बेरोजगार घूम रहे हैं। हाईकोर्ट में जीतने के बाद भी हमें नौकरी नहीं मिली है। हमारी बात कोई सुनने को तैयार नहीं है। हर कोई हमारे बारे में उल्टा बोलता है। ओम प्रकाश राजभर हमारे मंत्री हैं, जिन्होंने कभी न्याय की बात नहीं की। राजभर कहते हैं कि यह 69000 शिक्षक भर्ती वाले जूता खाने के लायक हैं, यह कितना शर्मनाक बयान है। अगर नौकरी नहीं मिली तो हम लोग चंदा इकट्ठा करके ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ प्रचार करेंगे और उन्हें चुनाव हरवाएंगे। दिल्ली तक भट रहे लेकिन न्याय नहीं मिल रहा नवलेश ने बताया कि जौनपुर से आए हैं। हम मुख्यमंत्री और पिछड़ों के मंत्री अनुप्रिया पटेल से कहना चाहते हैं कि हमें न्याय दिलाइए। हम उन्हीं के बच्चे हैं। पिछले कई सालों से लखनऊ और जौनपुर के चक्कर काट रहे हैं। अब मामला सुप्रीम कोर्ट चला गया है, तो दिल्ली में भी भटकना पड़ रहा है। हम हाथ जोड़कर सरकार से यह कहना चाहते हैं कि कल सुप्रीम कोर्ट में हमारी तारीख लगी है। अपना वकील जरूर भेजें। अगर हमारी सुनवाई नहीं हुई तो जान दे देंगे। इस भर्ती के अभ्यर्थियों में किसी ने अपनी मां खोई है तो किसी ने अपना बाप खोया है। नवलेश ने रोते हुए बताया- इंतजार में परिवार के लोग इस दुनिया से चले गए मगर नौकरी नहीं मिली। आज हम दंडवत होकर अपना पीड़ा बताने आए हैं। पिछड़ों-दलितों की हालत कीड़े-मकौड़े की तरह हो गई देवरिया से आए धनंजय गुप्ता ने कहा- हम लोग आज मंत्री संदीप सिंह के आवास पर कीड़ों की तरह रेंगते हुए आए हैं। उनको बताने आए हैं कि आपकी सरकार में पिछड़ों-दलितों की हालत कीड़े-मकौड़े की तरह हो गई है। हम इतना चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट में सरकारी अधिवक्ता पेश हो जाए। 30 से ज्यादा डेट लगी और किसी में भी सरकारी अधिवक्ता का नहीं पहुंचना बेहद शर्मनाक है। फैसला क्या होगा, यह तो कोर्ट तय करेगा, मगर कम से कम सरकार अपना वकील भेजे और केस आगे बढ़े। इस सरकार में जितने भी पिछड़े और दलित मंत्री हैं। कोई भी हमारी पीड़ा सुनने को तैयार नहीं है। सड़क पर तपती धूप में लेटना हमारी मजबूरी नौकरी न मिलने से हम लोग कीड़े-मकौड़े की जिंदगी जी रहे हैं। कहीं कोई सम्मान नहीं है। कल 19 मई को सुप्रीम कोर्ट में हमारी तारीख लगी है। अगर सरकार का नुमाइंदा उपस्थित हो जाए, तो बहुत मेहरबानी होगी। तपती हुई धूप में हम सड़क पर लेटे हैं, तो यह हमारी मजबूरी है। कोई खुशी से नहीं लेटा है। अभ्यर्थियों ने मंत्री संदीप से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन सौंपा। शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप से मुलाकात की। उन्हें ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों का कहना है कि मंत्री संदीप सिंह की तरफ से आश्वासन मिला है कि सरकारी अधिवक्ता कल सुप्रीम में मौजूद रहेंगे।
