
डे-केयर सेंटर का गेट बच्चे पर गिरा, दर्दनाक हादसे में मासूम की मौत
LUCKNOW LIVE: एक दर्दनाक हादसे में डे-केयर सेंटर में खेल रहे एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सेंटर का भारी गेट अचानक बच्चे के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित निशातगंज में संचालित सरकारी बचपन डे केयर सेंटर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सेंटर परिसर में खेल रहे 8 वर्षीय बच्चे की जर्जर लोहे का गेट गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच कराने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बहराइच जिले के बंजारी मोड़ धन्नीपुर निवासी विक्रम कश्यप के पुत्र शिवा के रूप में हुई है। शिवा अपनी मां ललिता के साथ गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए चार दिन पहले लखनऊ स्थित अपने ननिहाल आया था।बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह नाश्ता करने के बाद शिवा अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ बचपन डे केयर सेंटर में खेलने पहुंचा था। इसी दौरान परिसर में लगा भारी लोहे का गेट अचानक भरभराकर गिर गया और शिवा उसके नीचे दब गया।हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए और रोते-चिल्लाते हुए लोगों को बुलाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गेट का वजन अधिक होने के कारण उसे तुरंत हटाया नहीं जा सका। काफी देर तक बच्चा गेट के नीचे दबा रहा। जब तक गेट हटाया गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में गेट की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने डे-केयर सेंटरों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके