
भारत–ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता मील का पत्थर साबित होगा। डा0 अम्मार रिज़वी
LUCKNOW LIVE: उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं ऑर्गेनाइजेशन फॉर न्यूक्लियर डिसआर्मामेंट, वर्ल्ड पीस एंड एनवायरनमेंट के अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिज़वी ने भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच संपन्न व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (Comprehensive Economic and Trade Agreement – CETA) का हार्दिक स्वागत करते हुए भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर को पत्र लिखकर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
डॉ. रिज़वी ने अपने पत्र में कहा कि यह ऐतिहासिक समझौता दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, विनिर्माण तथा सेवा क्षेत्रों में सहयोग को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस समझौते से दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएँ और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं लोकतांत्रिक संबंध सदैव विशेष रहे हैं। यह समझौता इन संबंधों को और अधिक मजबूत करेगा तथा दोनों देशों के बीच पारस्परिक विश्वास, मैत्री और सहयोग को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा।
डॉ. रिज़वी ने आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत और यूनाइटेड किंगडम न केवल आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ प्राप्त करेंगे, बल्कि विश्व शांति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आपसी सद्भाव तथा विभिन्न समुदायों के बीच बेहतर समझ विकसित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने दोनों प्रधानमंत्रियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए पुनः हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व एवं दोनों देशों की निरंतर प्रगति की कामना की।